पिछले 45 दिनों से बंद चल रहे सराफा बाजार को लेकर इस व्यवसाय से जुड़े कारोबारी खासे निराश हैं। इन कारोबारियों का कहना है की लॉक डाउन ने उन्हें आर्थिक रूप से बहुत बड़ी चोट दी। सरकार के कहने पर 45 दिन से दुकानें बंद हैं। लेकिन अब और ज्यादा दिन तक दुकान बंद नहीं की जा सकती। व्यापारियों पर तमाम देनदारी भी हैं। इसमें बिजली का बिल, दुकान का किराया, बैंक लोन, कारीगरों का वेतन आदि प्रमुख रूप से शामिल है।
सराफा कारोबारियों ने मंगलवार को जो सभी बातें स्थानीय सांसद डॉ रीता बहुगुणा जोशी के समक्ष उठाईं। कहा कि उन्हें अब राहत मिलनी चाहिए। प्रयाग सराफा मंडल की ओर से मंगलवार को ककरहा घाट पर जरूरतमंद परिवारों के लिए राशन वितरण का कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में सांसद डॉ रीता जोशी ने भी शिरकत की। इस दौरान सराफा मंडल की ओर से सांसद को एक ज्ञापन भी दिया गया। ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने बताया कि इस व्यवसाय से जुड़े तमाम कारीगर भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। सरकार सराफा कारोबारियों और इस पेशे में जुड़े कारोबारियों के लिए राहत प्रदान करें।
इसके पूर्व मीरापुर ककरहा घाट में गरीब जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री वितरित की गई। जिसमें 5 किलो आटा, 3 किलो चावल, 1 किलो दाल, तेल, मसाला नमक इत्यादि रखा गया। इस मौके पर सांसद ने कहा कि संकट की इस घड़ी में कोई भूखा ना रहे यही सरकार की प्राथमिकता है। इस मौके पर प्रमुख रूप से प्रयाग सराफा मंडल के अध्यक्ष कुलदीप सोनी, अभिषेक शुक्ला रामजी रस्तोगी , कैलाश अग्रवाल , राम अग्रवाल , सोनू चड्ढा ,निखिल रस्तोगी , ललित निषाद, हरीश त्रिपाठी, पार्षद साहिल अरोरा, उदय प्रताप सिंह, रणविजय सिंह, संत प्रसाद पांडेय, मनु कक्कड़ आदि उपस्थित रहे।