इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से पहली बार आयोजित राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) परीक्षा का प्रश्नपत्र कड़ाके ठंड में भी अभ्यर्थियों को पसीना छुड़ा गया। रविवार को आयोग की ओर से आयोजित राजस्व निरीक्षक की परीक्षा के लिए वस्तुनिष्ठ टाइप के प्रश्न पूछे गए। इसमें पहली पाली में हुए प्रश्नपत्र में रीजनिंग के दो-दो अंक के 50 और सामान्य अध्ययन के एक-एक अंक 100 प्रश्न पूछे गए।
इसी प्रकार दूसरी पाली के प्रश्नपत्र में गणित के दो-दो अंक के 50 प्रश्न एवं हिंदी के एक-एक अंक के 100 प्रश्न पूछे गए। परीक्षार्थियों में भी जमकर उत्साह दिखाई पड़ा। लोक सेवा आयोग की ओर से राजस्व निरीक्षक एवं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की ओर से टीजीटी परीक्षा के एक दिन पड़ने के बाद भी दोनों परीक्षाओं में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की संख्या पर असर दिखाई नहीं पड़ा। राजस्व निरीक्षक की परीक्षा में 58.87 फीसदी उपस्थिति रही।
आयोग की ओर से हुई राजस्व निरीक्षक परीक्षा में शामिल परीक्षार्थियों उमेश द्विवेदी, राकेश कुमार, सुनीत, पीयूष ने बताया कि परीक्षा का स्तर पीसीएस परीक्षा से भी उच्च स्तर का था। इन अभ्यर्थियों का कहना है कि गणित और रीजनिंग के प्रश्न काफी उच्च स्तर के थे, उन्हें हल करने में परेशानी हुई।
आयोग की परीक्षाओं में मार्गदर्शन करने वाले आनंद एकेडमी के रनीश जैन ने बताया कि रीजनिंग में कोडिंग और डीकोडिंग के प्रश्नों को हल करने परीक्षार्थियों को माथापच्ची करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि सामान्य अध्ययन में कुछ विषय से कई प्रश्न पूछे गए थे। इसी प्रकार दूसरे प्रश्नपत्र में गणित के प्रश्न एसएससी की ओर से पूर्व में हुए असिस्टेंट ग्रेड परीक्षा की याद ताजा कर दिए। हिंदी के प्रश्न अपेक्षाकृत आसान रहे।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक प्रभुनाथ ने बताया कि राजस्व निरीक्षक परीक्षा और टीजीटी परीक्षा एक दिन पड़ने का परीक्षार्थियों की संख्या पर खास असर नहीं दिखाई पड़ा। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में पंजीकृत 655176 परीक्षार्थियों में से 385733 परीक्षा में शामिल हुए। इस प्रकार 58.87 फीसदी उपस्थित रहे। इसमें इलाहाबाद में 24700 परीक्षार्थियों में से 15995 अर्थात 64.76 फीसदी परीक्षा में शामिल हुए। सबसे अधिक उपस्थिति बाराबंकी जिले में 71.06 फीसदी रही। दूसरे स्थान पर सीतापुर 70.98 एवं तीसरे स्थान पर 70.42 फीसदी रही। लोक सेवा आयोग के सचिव रिजवार्नुरहमान ने बताया कि प्रदेश भर में परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में हुई।