छोटे लाल । वाटर टैक्स रेगुलर जमा करते है पानी आता हो नहीं है
अल्लापुर वार्ड नं-69 स्थित रामानंद नगर और संजय नगर में चंद्रशेखर विद्यालय के पास पिछले छह दिनों से जलापूर्ति पूरी तरह ठप है। भीषण गर्मी के बीच पानी न मिलने से स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसमें सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर दफ्तर जाने वाले तक सभी की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि कई घरों में हालात ऐसे हैं कि आसपास के बोरवेल वाले घरों से पानी लाना पड़ रहा है वहीं पीने के लिए बोतलबंद पानी खरीदना मजबूरी बन गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस समस्या को लेकर जल विभाग में कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन कोई समाधान नहीं किया गया। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
हर साल गर्मी में यह समस्या होती है, जिससे लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। हम लोग जिनके घर में बोरवेल है, वहीं से पानी लेते हैं।
- अशोक दुबे, स्थानीय निवासी
हम नियमित रूप से वाटर टैक्स जमा करते हैं, फिर भी पानी समय पर नहीं मिलता। हर साल मार्च से जुलाई तक यही समस्या बनी रहती है।
- छोटे लाल स्थानीय निवासी
मैंने संबंधित विभाग में कई बार शिकायत की है। हर साल गर्मी में यह समस्या होती है लेकिन विभाग इसे लेकर गंभीर नहीं है। नगर निगम वाटर टैक्स ले रहा लेकिन शुद्ध पानी की आपूर्ति नहीं कर पा रहा। इसका खामियाजा आम जन को भुगतना पड़ रहा है।
- शिव सेवक सिंह, पार्षद, वार्ड-69 अल्लापुर
छोटे लाल । वाटर टैक्स रेगुलर जमा करते है पानी आता हो नहीं है