झूंसी क्षेत्र में सड़क हादसे में हैंडलूम शोरूम के मैनेजर सुरेंद्र कुमार यादव की मौत।
झूंसी क्षेत्र में शनिवार रात सड़क हादसे में हैंडलूम शोरूम के मैनेजर सुरेंद्र कुमार यादव (50) की मौत हो गई। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी थी। सुरेंद्र अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मूलरूप से चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र स्थित मड़ई गांव निवासी सुरेंद्र कुमार यादव झूंसी में पत्नी शकुंतला देवी, बेटे अंकुश (14) और बेटी खुशी (12) के साथ रहते थे। वह डीटी हैंडलूम शोरूम में मैनेजर थे। शनिवार रात करीब 9:30 बजे वह पैदल सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आसपास के लोग और सहकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें सिविल लाइंस स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी बाइक चालक की पहचान करने में जुट गई है।