अल्लापुर में किशोरी से रेप और कत्ल के आरोपियों को तीन दिन बाद भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जबकि सीओ कर्नलगंज के नेतृत्व में पुलिस की दो टीमें लगी हैैं। इस घटना को लेकर सामाजिक संगठनों में भी खासा आक्रोश है। बुधवार को इविवि की छात्राओं समेत कई संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
गुलाबी गैंग की महिलाओं ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। दिशा छात्र संगठन के अमित पाठक के नेतृत्व में लल्ला चुंगी, बैंक रोड, प्रयाग स्टेशन और अल्लापुर पैदल मार्च निकाला गया। साथ महिला अपराधों के खिलाफ पर्चा बांटा। एबीवीपी की ओर से छात्राओं ने लल्ला चुंगी से बालसन तक कैंडल मार्च निकाला। महानगर उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश मिश्र ने कहा कि अल्लापुर की घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी न होना सपा सरकार की नाकामी है।
छात्राओं ने चेतावनी दी कि दो दिन के अंदर आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर प्रियंका, मधु कुमारी, सुमन यादव, कंचन यादव, पूर्णिमा सिंह, पूनम यादव, स्मृति मौर्य, वर्षा, श्रीकांत पांडेय, अभिषेक पांडेय, सूर्य प्रकाश मिश्र, राहुल चौरसिया, शनि सिंह, चंदर, शुभम उपाध्याय समेत तमाम लोग शामिल हुए।