फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj: ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित रहा करछना रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्यक्रम, पीएम मोदी ने किया लोकार्पण

Thu, 22 May 2025 11:34 AM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

अमृत भारत स्टेशन के तहत विकसित किए गये करछना रेलवे स्टेशन का लोकार्पण समारोह भारतीय सेना के 'ऑपरेशन सिंदूर' को समर्पित रहा। बृहस्पतिवार को करछना रेलवे स्टेशन पर हुए समारोह में देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया है।
विज्ञापन
करछना रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल का स्वागत करते डीआरएम। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमृत भारत स्टेशन के तहत विकसित किए गये करछना रेलवे स्टेशन का लोकार्पण समारोह भारतीय सेना के 'ऑपरेशन सिंदूर' को समर्पित रहा। बृहस्पतिवार को करछना रेलवे स्टेशन पर हुए समारोह में देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया है। स्टेशन को फूलों की मालाओं और सेना के शौर्य को दर्शाने वाले स्टैंडों से सजाया गया। यहां का मुख्य पंडाल भी  तिरंगे की थीम पर रहा। कार्यक्रम की मुख्य अतिति केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल रहीं।

विज्ञापन


वंदे भारत अद्भुत यात्रा का करा रही एहसास, अब बुलेट ट्रेन की बारी : अनुप्रिया

अमृत भारत स्टेशन के रूप मे विकसित हुए करछना रेलवे स्टेशन के लोकार्पण समारोह में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब देश मे बुलेट ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। देश में ही निर्मित वंदे भारत अद्भुत यात्रा का एहसास करा रही है।आज पूरे देश में रेलवे रेल अंडर ब्रिज और रेलवे ओवर ब्रिज का जाल बिछ गया है। इससे आम लोगों को बङी राहत मिली है।

करछना रेलवे स्टेशन पर आयोजित लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप मे केंद्रीय मंत्री ने कहा कि  रेलवे भारत की जीवन रेखा है। कहा कि जब रेलवे का विकास होता है तो देश का विकास होता है। जब देश का विकास होता है तो आम जनता का विकास होता है। अनुप्रिया ने कहा कि अब पूरे देश में मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग को खत्म किया जा रहा है। बड़ी संख्या में इसमें सफलता भी मिल चुकी है. आने वाले समय में जब कवच पूरी तरह से लैस हो जाएगा तो दुर्घटनाएं शून्य स्तर पर पहुंच जाएगी।
विज्ञापन



करछना रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद लोग। - फोटो : अमर उजाला।
रेलवे स्टेशनों का किया जा रहा है डिजिटलीकरण
 
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देशभर के रेलवे स्टेशनों का डिजिटलीकरण किया जा रहा है। अब रेलवे स्टेशन पर टिकट के लिए लंबी लाइन नहीं लगती, बल्कि मोबाइल पर ही टिकट मिल जाता है। ट्रेनों में बायो टॉयलेट से लेकर सीसीटीवी तक, नए रेलवे ट्रैक से लेकर नई बिल्डिंग तक  बन रही है। हमारी सरकार ने रेलवे कि तस्वीर बदली है। रेलवे के विकास में चार प्रमुख स्तंभ है। पहला रेलवे के ढांचे का आधुनिकीकरण, दूसरा यात्री सुविधा, तीसरा देश के कोने-कोने मे कनेक्टिविटी तो वहीं चौथा रोजगार सृजन और उद्योग को बढ़ावा। हमारी सरकार इन्हीं चारों स्तंभों पर रेलवे को  विकसित कर रही है। देशभर में 1300 अमृत भारत स्टेशन विकसित होने हैं। पूरे देश को डीएफसी से जोड़ना है। रेलवे में हमारी सरकार द्वारा 5 लाख नौकरी दी जा चुकी है।  नई टिकटिंग प्रणाली जैसी योजना से रोजगार का सृजन किया जा रहा है। यात्रियों को जल्द ही 160 किलोमीटर की गति से चल रही ट्रेनों में यात्रा करने का मौका मिलेगा।

करछना रेलवे स्टेशन। - फोटो : अमर उजाला।
डीआरएम ने प्रस्तुत की रूपरेखा

लोकार्पण समारोह मे स्वागत भाषण देते हुए डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने कहा कि करछना स्टेशन का 9.8 करोड़ की लागत से पुनर्विकास हुआ है। यह स्टेशन प्रयागराज- पंडित दीनदयाल उपाध्याय  रेल मार्ग का हिस्सा है। भविष्य में 160 किलोमीटर प्रति घंटा की गति वाली रेल सेवाओं से जुड़ेगा। स्टेशन पर तीन मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, अतिरिक्त प्लेटफॉर्म, आधुनिक स्टेशन भवन, आरामदायक यात्री प्रतीक्षालय और विशाल सर्कुलेटिंग एरिया विकसित किया गया है।  

प्रयागराज। अमृत भारत स्टेशन के तहत विकसित किए गए करछना रेलवे स्टेशन का लोकार्पण समारोह भारतीय सेना के ‘ ऑपरेशन सिंदूर ’ को समर्पित रहा। यहां एक ओर सेना के शौर्य को दर्शाने वाले स्टैंडों को सजाया गया तो वहीं कार्यक्रम का मुख्य पंडाल भी तिरंगे की थीम पर रहा। लोकार्पण समारोह संपन्न होने के बाद स्टेशन से तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। इसकी अगुवाई केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने ही की। यात्रा में शामिल बच्चों ने भारत माता के भी खूब जयकारे लगाए।
 
विज्ञापन

देशभक्ति गीतों की गूंज से माहौल उत्साहपूर्ण बना
 
करछना स्टेशन पर सुबह से देश भक्ति गीतों की गूंज रही। स्टेशन को भी आकर्षक फूलों से सजाया गया। समारोह में देश भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। यहां पीएम मोदी की फोटो लगे एक स्टैंड पर लिखा था कि ‘ आतंकियों ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था...इसलिए भारत ने आतंक के हेडक्वाटर्स उजाड़ दिए’। एक अन्य स्टैंड जिसमें लिखा था ‘ नारीशक्ति ने बनाया ऑपरेशन सिंदूर को अजेय’।

इसके पूर्व यहां अपने भाषण में मेयर गणेश केसरवानी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश और रेल के विकास में सकारात्मक परिवर्तन हो रहा है । विकसित करछना स्टेशन से आवागमन करने वालों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी । सांसद प्रवीण पटेल ने कहा कि करछना स्टेशन का प्रतीक्षालय एवं सर्कुलेटिंग एरिया यात्रियों के लिए बेहद सुविधाजनक बनाया गया है इससे स्टेशन पर यात्रियों का आवागमन आसानी से हो सकेगा ।

इस अवसर पर एयरफोर्स के ग्रुप कैप्टन (ओसी, एमसीओ ) ललित कुमार तनेजा को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधायक दीपक पटेल, पीयूष रंजन निषाद ,एमएलसी सुरेंद्र चौधरी और केपी श्रीवास्तव ने सरकार की योजनाओं के प्रति आभार जताया। विधायक पीयूष ने करछना में महत्वपूर्ण ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग की। कार्यक्रम का संचालन सीनियर डीसीएम हिमांशु शुक्ला एवं मुख्य क्रू नियंत्रक वासुदेव पांडेय ने किया। इस अवसर पर डीआरएम प्रयागराज ने सभी अतिथियों को पौधे भेंट किए। उधर डीआरएम के नेतृत्व में भी एक अन्य तिरंगा यात्रा स्काउट, गाइड के सदस्यों के साथ निकाली गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें