इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को जल्द ही राहत भरी खबर मिल सकती है। इविवि में महीनों से ठप पड़ी शिक्षक भर्ती जल्द ही शुरू होने के आसार हैं। इविवि प्रशासन इसके लिए अब तक विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से आरक्षण रोस्टर पर दिशा-निर्देश मिलने का इंतजार कर रहा था। यूजीसी से निर्देश न मिलने पर इविवि प्रशासन अब अपने स्तर पर भर्ती शुरू कराने की तैयारी में हैं। इस बाबत इविवि प्रशासन ने यूजीसी को मेल के जरिये एक पत्र भी भेजा है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शिक्षक के 517 पदों पर भर्ती के लिए अप्रैल में विज्ञापन निकाला गया था। मई में बीएचयू में चल रही भर्ती को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट का एक आदेश आया, जिसके तहत कहा गया कि शिक्षक भर्ती के लिए विश्वविद्यालय को यूनिट मानकर आरक्षण रोस्टर नहीं बनाया जा सकता। इसके लिए विभागवार आरक्षण रोस्टर होना चाहिए। इस आदेश को संज्ञान में लेते हुए इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने भी भर्ती प्रक्रिया रोक दी, क्योंकि वहां भी बीएचयू की तरह विश्वविद्यालय को यूनिट मानकर आरक्षण रोस्टर तैयार किया गया था। हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए रिक्रूटमेंट सेल के निदेशक की ओर से मई में दो बार यूजीसी को पत्र भेजकर इस बाबत स्पष्ट दिशा-निर्देश मांगे गए लेकिन वहां से कोई निर्देश जारी नहीं हुआ और भर्ती प्रक्रिया ठप पड़ी रही जबकि इस बीच मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा और वहां भी हाईकोर्ट के आदेश पर मुहर लगा दी गई। इसके बाद बीएचयू ने इस बाबत यूजीसी से गाइडलाइन मिलने का इंतजार किए बगैर विभागवार आरक्षण रोस्टर तैयार करते हुए शिक्षक भर्ती शुरू कर दी।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सूत्रों का कहना है कि पिछले दिनों इविवि के कुछ अफसर दिल्ली गए थे। वहां यूजीसी के अफसरों से उनकी बात हुई तो सैद्धांतिक सहमति बन गई कि न्यायालय के आदेश को आधार बनाकर इविवि भी अपने स्तर से भर्ती प्रक्रिया शुरू कर सकता है। सूत्रों के अनुसार गत 18 अगस्त को रिक्रूटमेंट सेल के निदेशक की ओर से यूजीसी को मेल पर पत्र भेजकर कहा गया कि आरक्षण रोस्टर पर यूजीसी से अगर 25 अगस्त तक दिशा-निर्देश जारी नहीं होते हैं तो इसके बाद इविवि प्रशासन अपने स्तर से भर्ती प्रक्रिया शुरू कर देगा। निर्धारित समय सीमा बीत चुकी है। ऐसे में किसी भी दिन ठप पड़ी भर्ती प्रक्रिया पुन: शुरू हो सकती है। शिक्षक भर्ती के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के 303, एसोसिएट प्रोफेसर के 147 और प्रोफेसर के 67 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। भर्ती के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन विभागवार आरक्षण रोस्टर भी तैयार कर चुका है।