यूपी रोडवेज की सुपरफास्ट सेवा रैपिड लाइन बसों का संचालन मंगलवार को इलाहाबाद से भी शुरू हो गया। यहां सिविल लाइंस बस स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर मऊ, गोंडा, कानपुर और वाराणसी के लिए रैपिड लाइन बस रवाना की गई। इसके अलावा दो अन्य लोहिया ग्रामीण बसों को भी झंडी दिखाई गई। बसों के उद्घाटन समारोह में बताया गया कि जल्द ही इलाहाबाद परिक्षेत्र के बेड़े में रैपिड लाइन की कुछ और बसें भी शामिल होंगी।
बता दें कि प्रदेश में रैपिड लाइन बसों की शुरूआत 30 जुलाई 2016 को लखनऊ से हुई है। अभी परिवहन विभाग के बेड़े में कुल 203 बसें हैं। इसमें से चार बसों की शुरूआत इलाहाबाद से मऊ, कानपुर, वाराणसी और गोंडा के लिए हुई। इन बसों को दर्जा प्राप्त मंत्री इंदु प्रकाश मिश्र ने सिविल लाइंस बस स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने रोडवेज इलाहाबाद परिक्षेत्र के प्रबंधक डॉ. हरिशचंद्र यादव की मौजूदगी में दो लोहिया ग्रामीण बसों को भी हरी झंडी दिखाई।
इलाहाबाद से लोहिया ग्रामीण बसों का संचालन गोंडा और कटसारी के लिए हुआ। बसों के उद्घाटन समारोह में बताया गया कि रैपिड लाइन बस की खास बात यह रहेगी कि यह सुबह आठ बजे रवाना होगी और शाम चार बजे अपने गंतव्य की ओर वापस लौटेगी। इसका किराया साधारण बस के किराए के समान और स्टापेज भी सीमित होंगे। इसके अलावा रैपिड लाइन बस सेवा में यदि यात्री वापसी का भी टिकट लेता है तो उन्हें किराए में 10 फीसदी की छूट प्रदान की जाएगी। समारोह का संचालन रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के क्षेत्रीय मंत्री शकील अहमद ने किया। इस अवसर पर रोडवेज के तमाम अफसर एवं कर्मचारी मौजूद रहे।