भाई ने दर्ज कराई रिपोर्ट, आरोपियों में पड़ोसी महिला भी शामिल
जिंदा जलाने का आरोप, मृतक की पत्नी का चल रहा है इलाज
प्रयागराज। हंडिया के ढोकरी में तीन दिन पहले गंभीर रूप से झुलसने के कारण दुष्कर्म आरोपी की मौत के मामले में मंगलवार को नया मोड़ आ गया। उसके भाई ने जिंदा जलाने का आरोप लगाकर गांव के ही सात लोगों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें पड़ोसी महिला का भी नाम शामिल है जिसने मृतक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट मृतक के भाई बालकृष्ण यादव निवासी ढोकरी ने दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि उसके भाई विमल व भाभी मंजू देवी को 15 सितंबर को गांव के ही सुनीता देवी, सुरेश चंद्र उर्फ चैन गुप्ता, सुधीर गुप्ता उर्फ खजाऊ, साधना ने ईट व लाठी-डंडे से मारा पीटा था जिसकी रिपोर्ट हंडिया थाने में दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि इसी खुन्नस में 22 सितंबर की दोपहर सुनीत, विनीत, सुनीता देवी, राजेश सिंह, सुधीर गुप्ता उर्फ खजाऊ व सुरेश चंद्र उर्फ चैन गुप्ता उसके घर पर आए और गालीगलौच करने लगे। यह देख विमल व उसकी पत्नी ने दरवाजा बंद कर लिया जिस के बाद आरोपियों ने जबरन दरवाजा खुलवाकर पति-पत्नी को मिट्टी का तेल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस गंभीर रूप से झुलसी हालत में दोनों को एसआरएन अस्पताल ले गई जहां इलाज के दौरान विमल की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी मंजू अभी भी अस्पताल मेें मौत से लड़ रही है। हंडिया पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर कुल सात लोगों पर हत्या, हत्या का प्रयास, बलवा, धमकाने समेत अन्य आरेापों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों में मृतक के पड़ोस में रहने वाली महिला भी शामिल है।