prayagraj news : स्वामी वासुदेवानंद।
- फोटो : prayagraj
संगम की रेती पर रविवार को विश्व शांति और सर्व मंगल के लिए रुद्राभिषेक यज्ञ किया गया। इसमें राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य जगद्गुरू स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती की मौजूदगी में आहुति दी गई। इस मौके पर श्रद्धालुओं को दिए संदेश में स्वामी वासुदेवानंद ने कहा कि पांच सौ वर्षों के संघर्ष में लाखों राम भक्तों के बलिदान के बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य एवं दिव्य मंदिर बनाने का अवसर करोड़ों हिंदुओं को प्राप्त हुआ है। इसमें संपूर्ण हिंदू समाज को तन, मन, धन से सहयोग करना चाहिए। मंदिर निर्माण के लिए किया गया जन जन का समर्पण राम मंदिर को राष्ट्र मंदिर बनाएगा।
जगदगुरु ने कहा कि अयोध्या में दिव्य और भव्य राम मंदिर बनेगा। इस राम मंदिर निर्माण में देश के हर हिंदू का सहयोग होना चाहिए। इस दौरान प्रयागराज की सांसद प्रो रीता बहुगुणा जोशी के प्रयासों की उन्होंने सराहना भी की। कहा कि प्रो रीता उनकी बहन की तरह हैं। इसलिए कि उनकी मां और रीता का हिमालय और प्रयागराज दोनों से संबंध है। सांसद रीता बहुगुणा ने मुस्कान संस्था की ओर से विश्व कल्याण की कामना से आयोजित यज्ञ की सराहना की। कहा कि इस तरह के अनुष्ठानों से समाज को नई उर्जा मिलेगी।
हिंदू धर्म और भारतीय संस्कृति को मजबूती प्रदान करेगा। मुस्कान संस्था के प्रमुख व सांसद प्रतिनिधि डॉ शशिकांत तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर पर विहिप गौरक्षा काशी प्रांत के मंत्री लालमणि तिवारी, संतोष त्रिपाठी, प्रमोद जायसवाल,हृदयेश मिश्र, मुरारी लाल अग्रवाल, अभिषेक शुक्ला, संत प्रसाद पांडेय, पदुम जायसवाल, प्रतीक पांडेय, आनंद तिवारी, दिनेश तिवारी, प्राचीर पांडेय उपस्थित थे। संचालन राजेश शुक्ला ने किया।