राम मंदिर के इस मॉडल को वाराणसी से बनवाकर प्रयागराज, अयोध्या, लखनऊ और गोरखपुर तक पहुंचाने वाले अनुराग अस्थाना का कहना है कि बाजार में इसे खूब पसंद किया जा रहा है। हर शहर में इस मॉडल की मांग में भारी इजाफा हुआ है।
अयोध्या में बनाए गए भव्य रामलला मंदिर को लेकर रामभक्तों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम भले ही अगले महीने हो, लेकिन प्रयागराज में राम मंदिर का क्रेज भक्तों के सिर चढ़कर बोल रहा है।
विज्ञापन
इसकी बानगी कुछ यूं देखने को मिल रही है कि लोग शादी, पार्टी व अन्य समारोहों में गिफ्ट में बुकें या अन्य चीजों को देने के बजाय राम मंदिर का मॉडल देना पसंद कर रहे हैं। इसकी मांग भी अधिक है इसलिए अब व्यापारी पहले से इसका ऑर्डर ले रहे हैं।
राम मंदिर का यह मॉडल हस्तशिल्प इकाई कटिंग तकनीक के माध्यम से पाइनवुड बोर्ड से बनाया गया है। यह मॉडल सजावटी है और इसकी फिनिशिंग भी ऐसी है जो हर किसी का मन मोह ले। इस मॉडल को लोग घर से लेकर दफ्तर तक में रख सकते हैं।
विज्ञापन
राम मंदिर के इस मॉडल को वाराणसी से बनवाकर प्रयागराज, अयोध्या, लखनऊ और गोरखपुर तक पहुंचाने वाले अनुराग अस्थाना का कहना है कि बाजार में इसे खूब पसंद किया जा रहा है। हर शहर में इस मॉडल की मांग में भारी इजाफा हुआ है। अबतक प्रयागराज में 25 हजार के करीब मॉडल लोगों ने खरीदे हैं।
वहीं, उनके माध्यम से अब तक लाखों की मॉडल विभिन्न जिलों में सप्लाई किए जा चुके हैं। अनुराग का कहना है कि इसकी मांग में इजाफा होता चला जा रहा है। लोग अब कार्यक्रम या समारोह में आए हुए मेहमानों को उपहार के रूप में भी इस मॉडल को दे रहे हैं, जिसकी खूब सराहना भी हो रही है। इसकी मांग कॉरपोरेट्स, बैंक और इवेंट मैनेजमेंट कंपनियों की ओर से भी की जा रही है।
आकार के आधार पर है कीमत
राम मंदिर मॉडल की कीमत पांच सौ रुपये से शुरू होकर दस हजार रुपये तक है। इसे मॉडल के आकार पर निर्धारित किया गया है। राम मंदिर के मॉडल के अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर मॉडल को भी इसी तरह से तैयार किया गया है। इन मॉडलों को ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यम से उपलब्ध कराया गया है।
राम मंदिर जैसा है मॉडल
मंदिर की डिजाइन ठीक उसी तरह की है जैसे अयोध्या में प्रभु श्री राम का मंदिर बनकर तैयार हुआ है। मंदिर के शिखर से लेकर पिलर और गर्भ गृह तक को इस मॉडल के जरिए दिखाने की कोशिश की गई है।
शादी की वर्षगांठ पर मेहमानों को किया भेंट
कालिंदीपुरम के रहने वाले पवन जायसवाल ने शादी की वर्षगांठ पर आए हुए सभी मेहमानों को राम मंदिर का मॉडल तोहफे के रूप में दिया। पवन का कहना है कि लोग इस तोहफे को पाकर बेहद खुश नजर आए। सबने इसकी सराहना की और बताया कि घर में सबसे बेहतरीन जगह वह इस तोहफे को रखे हुए हैं।
डॉक्टरों के कार्यक्रम में दिया गया तोहफा
हाल ही में आयोजित हुए इंडियन डेंटल एसोसिएशन के एक समारोह में अतिथियों को राम मंदिर का मॉडल बतौर तोहफे के रूप में दिया गया। डॉ. आशुतोष चौधरी ने बताया कि इस तोहफे को पाकर सभी बेहद प्रसन्न नजर आए। इसे सबसे बेहतर तोहफा बताया गया।