विश्व हिंदू परिषद काशी प्रांत के पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक में इस बार राम महोत्सव को गांव-गांव मनाने की रणनीति बनी। क्षेत्रीय संगठन मंत्री अंबरीश सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन के अगले छह माह के कार्ययोजना की भी रूपरेखा तय हुई। तय हुआ कि विहिप अपने हित चिंतकों की संख्या का और विस्तार करेगी और संगठन का नेटवर्क मोहल्ले स्तर पर ले जाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक का समापन अब रविवार की शाम चार बजे केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय की मौजूदगी में होगा। इस दौरान चंपत राय विहिप शिविर में बने राम मंदिर के प्रस्तावित मॉडल का अनावरण भी करेंगे।
माघ मेला में विहिप के शिविर में प्रांत पदाधिकारियों की बैठक शनिवार चार बजे शुरू हुई। इसका समापन रविवार शाम चार बजे होगा। इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री अंबरीश सिंह ने कहा कि इस मेला शिविर में संगठन द्वारा सामाजिक समरसता के लिए हिंदू समाज की एकता एवं संस्कृति की समक्ष खड़ी चुनौतियों और ज्वलंत विषयों पर चिंतन के लिए कई कार्यक्रम होंगे। संगठन द्वारा समय-समय पर अपनी धर्म एवं संस्कृति की रक्षा के लिए जो लक्ष्य तय किए जाएंगे उसकी अंतिम रूपरेखा केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय तय करेेंगे।
बैठक में राम महोत्सव को धूमधाम से मनाने की रणनीति बनी। बताया जा रहा है कि बैठक में यह भी तय हुआ कि चैत्र वर्ष प्रतिपदा यानी की 22 मार्च से दो अप्रैल 2020 तक भगवान राम की शोभा यात्रा बड़े स्तर पर निकाली जाए। अयोध्या आंदोलन के दौरान जिन गांवों में शिला पूजन हुआ वहां मंदिर निर्माण के पूर्व विहिप भव्य कार्यक्रम करवाएं। बैठक का संचालन प्रांत संगठन मंत्री मुकेश कुमार ने किया। इस दौरान प्रांत अध्यक्ष शुभ नारायण, प्रांत मंत्री आनंद सिंह, दिवाकर नाथ त्रिपाठी, सुरेश अग्रवाल, अविनाश बहादुर, लाल प्रताप सिंह, कृष्ण गोपाल, अमित पाठक, गौरव जायसवाल आदि मौजूद रहे।