prayagraj news : खालिद अजीम उर्फ अशरफ
- फोटो : अमर उजाला
प्रयागराज के विधायक राजू पाल हत्याकांड मामले में माफिया अतीक अहमद के भाई व पूर्व विधायक अशरफ समेत छह आरोपियों पर आरोप तय कर दिए गए। सीबीआई की विशेष न्यायाधीश कविता मिश्रा ने मामले की सुनवाई के लिए 13 अक्तूबर की तारीख तय की है। इससे पहले कोर्ट में सुनवाई के समय जेल से लाकर आरोपी अशरफ और फरहान को पेश किया गया। वहीं जमानत पा चुके रंजीत पाल, आबिद, इसरार अहमद और जुनैद भी कोर्ट में पेश हुए। कोर्ट ने आरोपियों पर हत्या, हत्या की साजिश व हत्या का प्रयास करने आदि का आरोप सुनाया।
गौरतलब है कि 25 जनवरी, 2005 को इलाहाबाद पश्चिमी से बसपा विधायक रहे राजू पाल की दिन-दहाड़े गोलीबारी में हत्या कर दी गई थी। इस दौरान देवी पाल व संदीप यादव की भी मौत हुई थी। राजू पाल की पत्नी पूजा पाल ने थाना धुमनगंज में इस हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराकर अतीक व उसके भाई अशरफ उर्फ खालिद आदिम को नामजद किया था। पुलिस ने मामले की विवेचना के बाद छह अप्रैल 2005 को अतीक व अशरफ समेत कुल 11 अभियुक्तों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था।