प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय की स्नातक की सत्र 2021-22 की वार्षिक परीक्षाएं मई के पहले सप्ताह से शुरू होंगी। इसके लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संघटक महाविद्यालयों को पत्र जारी कर परीक्षा केंद्र के लिए आवेदन मांगे हैं। कॉलेजों को इस आशय का शपथपत्र भी देना होगा कि वह सभी मानक पूरे कर रहा है। सूचना गलत पाए जाने पर संबंधित कॉलेज के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रयागराज, फतेहपुर, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय से संबद्ध 652 महाविद्यालयों के तकरीबन साढ़े तीन लाख छात्र-छात्राएं स्नातक की वार्षिक परीक्षाओं में शामिल होंगे। परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए गूगल फॉर्म का प्रारूप तैयार किया गया है, जो संबंधित महाविद्यालयों की लॉगिन पर प्रेषित कर दिया गया है। कॉलेज प्रशासन को गूगल फॉर्म के प्रारूप पर वांछित सूचनाएं भरकर 100 रुपये के शपथपत्र के साथ उसे विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में जमा करना है।