रेलवे ने दो और समर स्पेशल ट्रेन चलाने का किया एलान
0 छिवकी के रास्ते होगा समस्तीपुर-लोकमान्य तिलक और दानापुर-पुणे स्पेशल का संचालन
प्रयागराज। मुंबई, पुणे रूट की ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो और समर स्पेशल ट्रेन चलाने का एलान किया है। प्रयागराज छिवकी के रास्ते समस्तीपुर-लोकमान्य तिलक एवं दानापुर-पुणे एक्सप्रेस का संचालन रेलवे द्वारा तकरीबन दो माह के लिए किया जाएगा। इसकी समय सारिणी शुक्रवार को जारी कर दी गई।
समस्तीपुर से लोकमान्य तिलक के लिए गाड़ी संख्या 01044 का संचालन 11 अप्रैल से 10 जून तक प्रत्येक सोमवार, शुक्रवार की रात 11.30 बजे होगा। जो अगले दिन सुबह 8.35-8.40 बजे छिवकी और बुधवार और रविवार सुबह 7.40 बजे लोकमान्य तिलक पहुंच जाएगी। वापसी में गाड़ी संया 01043 लोकमान्य तिलक से दस अप्रैल से 09 जून तक प्रत्येक रविवार एवं बृहस्पतिवार दोपहर 12.15 बजे चलकर अगले रोज 11.45-11.50 बजे प्रयागराज छिवकी एवं रात 9.15 बजे समस्तीपुर पहुंच जाएगी। इसी तरह दानापुर से 01040 प्रत्येक शुक्रवार 15 अप्रैल से 10 जून तक सुबह 6.30 बजे चलकर दोपहर 2.05-2.10 बजे प्रयागराज छिवकी एवं अगले दिन शाम 6.45 बजे पुणे पहुंच जाएगी। पुणे से गाड़ी संख्या 01039 प्रत्येक बुधवार 13 अप्रैल से आठ जून तक रात 9.30 बजे चलकर अगले दिन रात 9.43-9.45 बजे प्रयागराज छिवकी और सुबह 4.30 बजे दानापुर पहुंचेगी।