न्यू पेंशन स्कीम (एनपीएस) को रद्द करने समेत तमाम मांगों को लेकर नार्थ सेंट्रल रेलवे इंपलाइज संघ (एनसीआरईएस) के बैनर तले रेलकर्मियों बुधवार को रैली निकालकर डीआरएम ऑफिस गेट के बाहर सभा की। रेलकर्मियों ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में न्यू पेंशन स्कीम रद्द करवाने वाले को ही रेलकर्मी वोट करेंगे। रेलकर्मियों ने इस दौरान अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी भी की।
सभा में संघ के जोनल महामंत्री आरपी सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के मंत्रियों के समूह द्वारा दो वर्ष पूर्व नई पेंशन स्कीम समाप्त करने, न्यूनतम वेतन बढ़ाने आदि मुद्दों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। लेकिन सरकार का कार्यकाल खत्म हो गया और कोई वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने मजदूरों के हक में आरपार की लड़ाई का एलान किया। सभा में मंडल मंत्री गोबिंद सिंह एवं अध्यक्ष मान सिंह ने रेलवे कालोनी के आवासों की दशा एवं पानी, सीवर समस्या को तत्काल दूर करने की मांग की।
यूनियन नेता एसके सिंह और सत्य नारायण ने रनिंग स्टाफ को एक प्रतिशत एवरेज माइलेज एलाउंस सातवें वेतन आयोग के वेतन पर तत्काल दिए जाने को कहा। मंडल उपाध्यक्ष आलोक सहगल ने वर्ष 2017 का बकाया ड्रेस एलाउंस दिए जाने की मांग की। इस दौरान यूनियन नेताओं ने 12 सूत्रीय मांगों का मांगपत्र भी पढ़ा। सभा के बाद मंडल मंत्री गोबिंद सिंह के नेतृत्व में डीआरएम इलाहाबाद को एक ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर एसके मिश्र, अखिलेश सिंह राठौर, अरुण राय, श्याम जी शुक्ला, सीपी शुक्ला, पिंटू सिंह, राजीव वर्मा, राकेश चौधरी, अशोक पटेल, फूलचंद्र, राम विनय सिंह आदि मौजूद रहे। इसके पूर्व यूनियन कार्यालय से डीआरएम ऑफिस तक रेलकर्मियों ने एक रैली भी निकाली।