कुंभ मेले के दौरान रेलवे पहली बार स्पेशल ट्रेनों का संचालन समय सारिणी के हिसाब से करने जा रहा है। रेलवे की तैयारी है कि मेला अवधि में चलाई जाने वाली कम से कम 50 फीसदी ट्रेनें समय सारिणी के हिसाब से चलाई जाएं। इसके लिए उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) ने मेला अवधि के प्रमुख स्नान पर्व के मौके पर 329 स्पेशल ट्रेनों की समय सारिणी जारी की है। इन ट्रेनों का संचालन कुंभ मेले के छह प्रमुख स्नान पर्व और उसके एक दिन पहले एवं एक दिन बाद होगा।
तीन जोनल रेलवे एनसीआर, उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से इस बार 800 स्पेशल ट्रेनों का संचालन मेला अवधि में किया जाना है। इसमें 622 ट्रेनें एनसीआर चलाएगा, जबकि उत्तर रेलवे 68 एवं पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से 122 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाना है। एनसीआर प्रशासन ने 622 में से 329 मेला स्पेशल ट्रेनों की समय सारिणी जारी कर दी है। मेला अवधि में कानपुर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय (मुगलसराय) के लिए सौ-सौ स्पेशल ट्रेनें एनसीआर द्वारा चलाई जाएगी। इसके अलावा झांसी-सतना रूट के लिए जंक्शन से 54, नैनी जंक्शन से 39 एवं इलाहाबाद छिवकी से कुल 36 मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
एनसीआर के पीआरओ डा. अमित मालवीय के अनुसार मकर संक्रांति पर 27, पौष पूर्णिमा पर 41, मौनी अमावस्या पर 72, बसंत पंचमी, माघी पूर्णिमा पर 57-57 एवं महाशिवरात्रि पर 45 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
वहीं दूसरी ओर उत्तर रेलवे की ओर से लखनऊ, फैजाबाद रूट की स्पेशल ट्रेनों का संचालन प्रयाग और प्रयागघाट एवं वाराणसी, गोरखपुर रूट की ट्रेनें इलाहाबाद सिटी एवं झूंसी रेलवे स्टेशन से चलाई जाएंगी। हालांकि अभी उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेन संचालन की समय सारिणी घोषित नहीं की गई है।
329 स्पेशल ट्रेनों की समय सारिणी देखने के लिए यहां करे क्लिक...