एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर। उत्तर मध्य रेलवे से चलने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस, श्रमशक्ति एक्सप्रेस, संगम एक्सप्रेस, उधमपुर एक्सप्रेस, सूबेदारगंज-देहरादून, प्रयागराज-डॉ.अंबेडकरनगर एक्सप्रेस आदि ट्रेनों के एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों को वजन में हल्के और मुलायम कपड़े के कंबल दिए जाएंगे। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने इस तरह के दस हजार कंबलों के लिए टेंडर निकाला है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही संबंधित ट्रेनों के एसी कोच में यात्रियों को भारी भरकम की जगह वजन में हल्के और मुलायम कपड़े के कंबल मिलने शुरू हो जाएंगे।
वर्तमान समय ट्रेनों में जो कंबल दिए जाते हैं, उन्हें माह में एक या दो बार धोया जाता है। इसकी वजह यह है कि ट्रेनों में दिए जाने वाले कंबल भारी होते हैं। हालांकि, राजधानी समेत कुछ प्रीमियम ट्रेनों में रेलवे ने हल्के वजन के कंबल दिए जाने की व्यवस्था कर दी है। इन्हें सप्ताह में आसानी से तीन या उससे अधिक बार धोया जा सकता है। प्रयागराज मंडल की कुछ ट्रेनों के एसी फर्स्ट कोच में इसी तरह के कंबल यात्रियों को दिए भी जा रहे हैं। अब इसका दायरा एसी इकाेनॉमी, एसी थर्ड एवं एसी टू में भी बढ़ाया जा रहा है।