सर्द मौसम में घने कोहरे का सीधा असर अब रेलगाड़ियों के परिचालन पर दिखने लगा । शनिवार को प्रयागराज आने-जाने वाले यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेनों की रफ्तार धीमी कर दी गई है, जिससे कई महत्वपूर्ण और वीआईपी ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से गंतव्य पर पहुंचीं।
प्रयागराज जंक्शन पर ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी। 12418 प्रयागराज एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय सुबह 7 बजे के बजाय करीब दो घंटे की देरी से लगभग 9 बजे स्टेशन पहुंची। इसके अलावा 22415 वाराणसी–नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस भी एक घंटे से अधिक की देरी से पहुंची।
12312 नेताजी तीन घंटे, 12276 हमसफर एक्सप्रेस घंटा, 12428 रीवा दो घंटा, 15003 चौरी-चौरा एक्सप्रेस करीब एक घंटे की देरी से पहुंची। वहीं दूसरी ओर स्पेशल ट्रेनों की स्थिति और भी खराब रही। 06212 दरभंगा स्पेशल ट्रेन करीब 10 घंटे की भारी देरी से चल रही थी, जबकि 00327 एसएमवीबी स्पेशल ट्रेन लगभग 8 घंटे लेट रही।
उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अमित मालवीय ने इस संबंध में बताया कि कोहरे के कारण यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी लोको पायलट फॉग डिवाइस का उपयोग करते हुए ट्रेनें चला रहे हैं, ताकि घने कोहरे के बावजूद संरक्षित और सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित किया जा सके।