साइबर ठगी और हवाला के धंधे को लेकर बदनाम धंतिया गांव में मंगलवार को मुजफ्फरनगर और बस्ती जिलों की पुलिस की संयुक्त टीम ने कई घरों पर छापा मारा। लेकिन सूचना लीक होने के कारण पुलिस के पहुंचने से पहले ही साइबर ठग भाग निकले। दोनों जिलों की पुलिस दो लोगों के खाते से 67 लाख रुपये उड़ाने के मामले में ठगों की तलाश में यहां पहुंची है।
बस्ती और मुजफ्फरनगर के पीड़ितों की ओर से रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जांच में पता चला था कि धंतिया के कई लोगों के खातों में 67 लाख की यह रकम भेजी गई है। मंगलवार को बस्ती पुलिस के निरीक्षक सत्यप्रकाश और मुजफ्फरनगर की पुलिस टीम फतेहगंज पश्चिमी थाने में अपनी आमद दर्ज कराने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ धंतिया पहुंची। पहले तो कई ग्रामीणों ने संबंधित ठगों के गांव में रहने से ही इनकार कर दिया। लेकिन जब पुलिस ने काफी देर तक आरोपियों की छानबीन की तब उनके गांव में ही रहने की पुष्टि हुई। इसके बाद उनके घरों पर छापे मारे गए। लेकिन घरों पर उनमें से कोई नहीं मिला। इस कारण पुलिस टीम को गांव से खाली हाथ लौटना पड़ा। हालांकि टीम ठगों की तलाश में अभी डटी हुई है।
सात महीने पहले भी क्राइम ब्रांच ने मारा था छापा
करीब सात माह पहले आईपीएस अधिकारी अभिषेक वर्मा की अगुवाई में क्राइम ब्रांच ने सटीक मुखबिरी के बाद धांतिया में छापा मारा था। हवाला और ठगी के सरगना समेत 14 लोगों को हिरासत में लिया गया था। सरगना के परिवार का एक युवक टीम को देखकर छत से कूद गया था, जिससे उसकी मौत हो गयी थी। हिरासत में लिए गए लोगों से टीम ने बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, भारी मात्रा में कैश और लग्जरी कार बरामद की थीं।