CBSE: Board examination centers to be built near the homes of the candidates
प्रयागराज। इस बार केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में परीक्षा केंद्रों की संख्या में वृद्धि हो सकती है। परीक्षा के दौरान कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करने और परीक्षार्थियों को दूर-दूर बैठाने के कारण केंद्रों की संख्या 2020 की अपेक्षा दोगुनी तक बढ़ सकती है। 2021 की बोर्ड परीक्षा में लगभग 32 लाख परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। बोर्ड ने परीक्षा केंद्र परीक्षार्थियों के घरों के पास बनाने का निर्णय लिया है।
सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच पड़ रही बोर्ड परीक्षा में परीक्षार्थियों को परेशानी से बचाने के लिए सभी सुविधाओं से युक्त परीक्षा केंद्रों की तलाश है। मई-जून में हो रही परीक्षा के दौरान, जिन इलाकों में अधिक गर्मी पड़ती है, तेज धूप से बचाव के लिए पर्याप्त सुविधाओं वाले स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि बोर्ड यह चाहता है कि परीक्षा के तीन घंटों के दौरान छात्रों को गर्मी के चलते कोई परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जाएगा।
चार मई से शुरू हो रही परीक्षा के 10 दिन बाद 14 मई से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हो जाएगा। बोर्ड की ओर से स्प्ष्ट किया गया है कि गर्मी से सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में परीक्षा केंद्रों के बारे में किसी प्रकार के सुझाव एवं आपत्तियों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। कोरोना के बाद की स्थिति में सीबीएसई परीक्षाओं के संचालन के लिए गाइडलाइन तैयार कर रहा है। परीक्षा कक्ष में छात्रों की संख्या कम रखी जाएगी, जिससे सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन किया जा सके।