सैदाबाद में पाए गए संदिग्ध लोगों को क्वारटीन के लिए बृहस्पतिवार को करेली स्थित रंगोली गेस्ट हाउस में लाया गया।
- फोटो : prayagraj
- इंदौर में नियुक्त डॉक्टर बहू पाई गई कोरोना पॉजिटिव, 19 को आई थी गांव
- डॉक्टर से इलाज कराने वाले तीन गांव के 47 अन्य लोग भी क्वारंटीन में किए गए
सैदाबाद के अजना गांव के डॉक्टर पिता और पुत्र समेत 53 लोग क्वारंटीन किए गए हैं। मध्य प्रदेश के इंदौर में नियुक्त डॉक्टर बहू कोरोना पॉजिटिव पाई गई है, जो 19 मार्च को ही यहां से गई हैं। इसकी जानकारी होने के बाद चिकित्सीय टीम के साथ पहुंचे हंडिया के एसडीएम डॉक्टर, पुत्र तथा उनसे इलाज कराने वाले 47 लोगों को करेली के जलसा गेस्ट हाउस में क्वारंटीन किया गया है। इस घटना के बाद गांव तथा आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। इसके अलावा कोरोना पॉजीटिव डॉक्टर की सैदाबाद के फतूहा में रहने वाली बहन व अन्य को भी क्वारंटीन किया गया है।
अजना गांव के डॉक्टर के भाई का बेटा झांसी में एमएस कर रहा है। उसकी पत्नी भी डॉक्टर है और इंदौर में तैनात है। भतीजा और बहू विगत दिनों गांव आए थे और 19 मार्च को ही यहां से रवाना हुए थे। इनमें से बहू को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसकी सूचना बुधवार को यहां पहुंच गई थी तथा गांव में हड़कंप मचा रहा। सुबह एसडीएम भी पूरी टीम के साथ गांव पहुंचे गए। डॉक्टर तथा उनके बेटे को एंबुलेंस से ले जाया गया। उनका बेटा भी डॉक्टर है। इनसे इलाज कराने वाले अजना, राका तथा भदवा गांव के 47 अन्य लोगों को भी उठाया गया है। सभी को एंबुलेंस से यहां करेली लाया गया।
फिलहाल उन्हें यहां जलसा गेस्ट हाउस में क्वारंटीन किया गया है। सैदाबाद सामुदायिक केंद्र के प्रभारी डॉ.एचसी श्रीवास्तव ने बताया कि इस दौरान कोई दिक्कत हुई तो उनके सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। साथ ही उन्हें बेली अस्पताल में आइसोलेट किया जाएगा। उधर, डॉक्टर के संपर्क में आने वाले अन्य लोगों को भी चिह्ति किया जा रहा है। जरूरत पड़ी तो उन्हें भी क्वारंटीन किया जाएगा।