फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

क्वारंटीन केंद्रों की बदलेगी सूरत, चकाचक होगी सफाई, लगेंगे टीवी

Sun, 03 May 2020 12:49 AM IST
विनोद सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
prayagraj news - फोटो : prayagraj
विज्ञापन

जिला प्रशासन के फरमान पर अमल हुआ तो कोरोना वायरस से बचाव के लिए बने क्वारंटीन केंद्रों की सूरत पूरी तरह से बदल जाएगी। हर केंद्र की नियमित सफाई तो होगी ही दूध, बिस्तर, सैनिटाइजर, साबुन समेत सभी आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध होंगी। इतना ही नहीं क्वारंटीन हुए लोगों के मनोरंजन के लिए टीवी भी होगा। करेली के एक केंद्र में अव्यवस्था का सच सामने आने के बाद डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने शनिवार को बैठक में संबंधित विभाग के अफसरों को सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विज्ञापन


लूकरगंज में एक व्यक्ति के पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनके परिजनों तथा संपर्क में आए अन्य लोगों को रात में करेली के सेंटर में क्वारंटीन किया गया, जहां बहुत गंदगी थी। बिस्तर पर चूहा मरा था। परिजनों की आपत्ति तथा सेंटर का वीडियो वायरल होने के बाद डीएम ने प्रशासनिक और चिकित्सा विभाग के अफसरों संग बैठक की। डीएम ने केंद्र प्रभारियों को आवश्यक कपड़े, दैनिक इस्तेमाल के सामान, बच्चों के लिए दूध की बॉटल, दवाइयों, बाल्टी, मग समेत अन्य वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हर क्वारंटीन सेंटर की नियमित सफाई के लिए कहा।

prayagraj news - फोटो : prayagraj
उन्होंने सभी सेंटर की भौतिक रिपोर्ट भी मांगी। डीएम ने निर्देश दिया कि क्वारंटीन किए जाने वाले परिजनों को कुछ समय पहले ही इससे अवगत करा दिया जाए, ताकि उन्हें कपड़ा तथा अन्य आवश्यक वस्तुएं की पैकिंग का समय मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि परिजनों को ले जाने से पहले क्वारंटीन सेंटर को भी देख लिया जाए कि वहां साफ-सफाई तथा सभी आवश्यक वस्तुएं हैं या नहीं। उन्हाेंने प्रभारियों से सेंटर में रहने वालों के लगातार संपर्क में रहने के भी निर्देश दिए, ताकि उन्हें किसी तरह की समस्या न होने पाए। लूकरगंज के प्रकरण में समय से एंबुलेंस नहीं पहुंचने की बात भी सामने आई है। इस पर डीएम ने निर्देश दिया एंबुलेंस सेवा में समय का विशेष ध्यान रखा जाए। जरूरत पड़ने पर लोगों को यथाशीघ्र एंबुलेंस उपलब्ध कराया जाए। 

prayagraj news - फोटो : prayagraj

हॉटस्पॉट क्षेत्र में पहुंचेगा राशन, अखबार, दूध

डीएम भानुचंद्र गोस्वामी ने शनिवार को बैठक में हॉटस्पॉट वाले क्षेत्रों की समीक्षा की। उन्होंने गूगल ऐप की मदद से हॉटस्पॉट क्षेत्र की मैपिंग और पूरे इलाके को सील करने का निर्देश दिया। इसका प्रभारी डीएफओ को बनाया गया है। उन्होंने इसके अंतर्गत आने वाले हर घर को सैनिटाइज करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि इन क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं जैसे राशन, अखबार, दूध आदि की आपूर्ति के लिए पास जारी किए जाएं। इन सभी वस्तुओं की उपलब्धता घर तक सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने लेखपालों, स्वास्थ्य कर्मियों को इन क्षेत्रों के लोगों के लगातार संपर्क में रहने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि लोगों के फोन तत्काल उठाएं और समस्याओं का निदान करें। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, गर्भवती महिलाओं की स्थिति आदि को लेकर विशेष सावधानी बरतने की बात कही।
विज्ञापन

क्वारंटीन सेंटर - फोटो : अमर उजाला

प्रवासी मजदूरों को न हो परेशानी, सभी का होगा परीक्षण

प्रदेश सरकार ने दूसरे राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूराें को उनके घर पहुंचाने का निर्णय लिया है। इसके तहत यहां तैयारी शुरू कर दी गई है। डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने शनिवार को बैठक में आवश्यक निर्देश दिए।  उन्होंने कहा कि सभी प्रवासी मजदूरों की चिकित्सीय जांच कराई जाएगी। जो पूरी तरह से ठीक हों उन्हें उनके घरों में 21 दिनों के लिए क्वारंटीन किया जाएगा। यदि किसी में कोई लक्षण है तो सात दिन तक आश्रय स्थल में रखा जाएगा।

ऐसे सभी लोगों की कोरोना जांच भी कराई जाएगी। सात दिनों के बाद फिर से जांच कराई जाएगी। इसके बाद संतुष्टि पर ही इन्हें घर भेजा जाएगा जहां वे होेम क्वारंटीन रहेंगे। डीएम ने आश्रय स्थलों की सफाई, खाने-पीने तथा अन्य व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं होने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुविधाओं से युक्त इंटर कालेज ही आश्रय स्थल बनाए जाएं। डीएम ने कहा कि बोर्ड परीक्षा से पहले सभी स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उनकी मदद से आश्रय स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों पर निगरानी रखी जाए। जहां के कैमरे खराब हों उन्हें तत्काल ठीक करा लिया जाए। डीएम ने आश्रय स्थलों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति कर उनकी जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें