नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में कस्बे के चहुंमुखी विकास के लिए करोड़ों रुपये के प्रस्तावों पर मुहर लगी है। अध्यक्ष जुलेखा बानो की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने जोर दिया गया। बैठक में से रखा, जिसके बाद सर्वसम्मति से पारित कर विकास का खाका तैयार किया गया।
नगर पंचायत की आय में वृद्धि के लिए दानियालपुर स्थित गाटा संख्या 93 से अतिक्रमण हटाकर वहां व्यावसायिक दुकानें बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं जेठवारा मार्ग के दोनों ओर नाला निर्माण एवं पटरियों पर इंटरलाॅकिंग सड़क बनाने की योजना बनाई गई। गर्मी से पहले सभी वार्डों में आरओ वाटर एटीएम स्थापित करने, एवं 292 नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने का निर्णय लिया गया।
इसके अतिरिक्त तालाब के सुंदरीकरण का भी प्रस्ताव रखा गया। खास यह रहा कि वार्ड संख्या 14 की सभासद स्वाती केसरवानी ने हनुमान चैराहा के आसपास महिलाओं के लिए पिंक शौचालय बनाने की मांग रखी, जिसे स्वीकार कर लिया गया। बता दें कि अमर उजाला ने 12 जनवरी के अंक में महिलाओं के लिए शौचालय की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। बैठक में अमरेश सरोज, अमरबहादुर यादव, नफीस अहमद, राधेश्याम पटेल, शकीला बानो, इरान फारूकी, सुलेमान फारूकी, करमचंद यादव, राहुल गुप्ता, शोएब अहमद, इम्तियाज अहमद, बसंती, साधना आदि सभी सभासद रहे।
- हमारा उद्देश्य लालगोपालगंज को एक आदर्श नगर पंचायत बनाना है। बैठक में जो भी प्रस्ताव हुए हैं, वह सीधे तौर पर जनता की सुविधाओं से जुड़े हैं। विशेषकर महिलाओं के लिए पिंक शौचालय व वाटर एटीएम हमारी प्राथमिकता है। -जुलेखा, अध्यक्ष, नगर पंचायत लालगोपालगंज।
- प्रस्तावों की कार्ययोजना तैयार कर अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाकर व्यावसायिक परिसर का निर्माण शुरू कराया जाएगा। बजट आवंटन के साथ ही सभी विकास कार्यों को समय सीमा के भीतर पूर्ण कराए जाएंगे।- पद्मजा मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत लालगोपालगंज।