प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की प्रोन्नति की प्रक्रिया 15 जून तक पूरी कर ली जाएगी। इस बाबत निदेशक माध्यमिक ने सभी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों और जिला विद्यालय निरीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अध्यापक के पद पर प्रोन्नति के लिए प्रत्येक संभाग में एक समिति का गठन भी किया जाएगा, जो अभ्यर्थियों का चयन करेगी।
निदेशक की ओर से जारी पत्र के अनुसार प्रत्येक संभाग की चयन समिति में संभागीय संयुक्त शिक्षा निदेशक कमेटी के अध्यक्ष, संभाग में राजकीय इंटर कॉलेज के ज्येष्ठतम प्रधानाचार्य सदस्य और संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षक सदस्य सचिव होंगे। पत्र में यह भी गया है कि सरकार की ओर से 100 दिनों के भीतर अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पदों पर शतप्रतिशत प्रोन्नति की कार्यवाही पूर्ण करने का संकल्प लिया गया है। ऐसे में निर्धारित समय सीमा में यह प्रक्रिया पूरी की जाए।