कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रयागराज के कोटवा बनी कोविड 19 हास्पिटल की दुर्व्यवस्था पर ट्वीट कर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यहां की व्यवस्था को सुधारने की जरूरत है। प्रियंका गांधी के इस ट्वीट के कई मायने निकाले जा रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने कोटवां बनी हास्पिटल में असुविधाओं से नाराज मरीजों के हंगामा का वीडियो भी शेयर किया है। प्रियंका गांधी ने लिखा है कि
प्रयागराज के कोटवा बनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद मरीज सुविधाओं का बुरा हाल बयान कर रहे हैं।
जमीन की सच्चाई मुख्यमंत्री जी के प्रचार से एकदम अलग है। यूपी में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में इन सुविधाओं के हाल को सुधारना बहुत जरूरी है।
ज्ञात है कि कोटवा बनी हास्पिटल में भर्ती मरीजों ने कुछ दिन पूर्व दुर्व्यवस्था को लेकर हंगामा किया था और जमकर नारेबाजी की थी। यहां भर्ती कोरोना मरीजों का आरोप था कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को न तो समय से न ही गुणवत्तायुक्त भोजन दिया जा रहा है न ही यहां पर कोई सुविधाएं ही हैं।
मरीजों के हंगामे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। मरीजों ने यहां की व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और जिले के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निशाने पर लिया था। प्रियंका गांधी ने इसी मुद्दे को लेकर प्रदेश की योगी सरकार पर तंज कसा है।