संगम तट से 18 मार्च की सुबह पूजा-आरती के साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पूर्वी उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव का शंखनाद करेंगी। वह यहां त्रिवेणी की पावन धारा की पूजा भी करेंगी और आरती भी। ज्ञान की गहरी जड़ों के रूप में अक्षयवट, सरस्वती कूप के दर्शन के साथ ही वह बड़े हनुमान के दरबार में भी अरजी लगाएंगी। इसके बाद वह प्रयागराज की धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी तक के जल यात्रा पर निकलेंगी। प्रियंका की इस पहली सियासी जल यात्रा के मायने निकाले जा रहे हैं।
प्रियंका गांधी की जल यात्रा को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियों को मूर्त रूप देने के लिए पसीना बहाना शुरू कर दिया है। एसपीजी के आने के बाद जिला प्रशासन व प्रयागराज मेला प्राधिकरण के अफसरों के साथ शुक्रवार को प्रियंका के संगम दर्शन व जल यात्रा के रूट को लेकर मंथन किया गया गया। प्रियंका इस जल यात्रा के जरिए एक तीर से कई निशाने साधने की तैयारी में हैं। संगम दर्शन के बाद वह छतनाग घाट से स्टीमर से अपनी जल यात्रा का श्रीगणेश करेंगी। छतनाग से वह दुमदुमा पहुंचेंगी, जहां घाट रिसेप्शन का कार्यक्रम रखा गया है। वहां वह गंगा पुत्रों व कांग्रेसजनों से संवाद करेंगी।
दुमदुमा से वह सिरसा जाएंगी। वहां से प्रियंका गांधी पदयात्रा करते हुए शिव मंदिर जाएंगी। वहां दर्शन पूजा तो करेंगी, ही कुछ विशिष्ट जनों व स्थानीय लोगों से मुलाकात भी करेंगी। सिरसा से वह सड़क मार्ग से कार के जरिए टुुड़िहार कौंधियारा पहुंचेंगी। वहां पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए महेश यादव की पत्नी व बच्चों से अतिथि गृह में मुलाकात करेंगी। टुड़िहार से कार द्वारा वह सीतामढ़ी पहुंचेंगी। वहां भी स्थानीय क्षेत्रों में वह भ्रमण कर लोगों से मुलाकात करेंगी। वहां से फिर मोटरबोट से उनकी यात्रा भदोही, मिर्जापुर, चुनार होते हुए मोदी के गढ़ काशी में प्रवेश करेगी।
प्रियंका गांधी की 18 मार्च से संगम से शुरू होने वाली जल यात्रा को लेकर एसपीजी शुक्रवार को यहां पहुंच गई। एसपीजी के अफसरों ने वीआईपी किला घाट , संगम नोज के अलावा अक्षयवट व हनुमान मंदिर व छतनाग घाट के रूट का मुआयना किया। एसपीजी के अफसरों ने कांग्रेस शहर अध्यक्ष नफीस अनवर, महासचिव मुकुंद तिवारी, जोनल प्रवक्ता जावेद उर्फी के साथ कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद से मुलाकात कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की। इसके बाद एडीएम सिटी के साथ एसपीजी ने बैठक की। इस दौरान भी शहर कांग्रेस कमेटी के नेता साथ थे।