रिगवा लालापुर मार्ग पर बना जानलेवा गड्ढा
रिगवा से लालापुर तरहार को जोड़ने वाली दस किलोमीटर प्रधानमंत्री सड़क मरम्मत के अभाव में खराब हो गई है। इस मार्ग पर बने दर्जनों गड्ढे अब जानलेवा साबित हो रहे हैं। ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। यह सड़क तहसील मुख्यालय से लालापुर तरहार इलाके का मुख्य मार्ग है।
लगभग सात वर्ष पहले प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत इसका निर्माण हुआ था। ग्रामीण दीपक, राजू और प्रदीप ने बताया कि समाधान दिवस पर कई बार शिकायत की गई है। हालांकि, उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हुई है। पीएमजीएसवाई की अवर अभियंता सरिता मिश्रा ने बताया कि सड़क मरम्मतीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, लेकिन अभी तक संस्तुति नहीं मिली है।