प्रधानमंत्री मोदी आज शाम 5 बजे परेड ग्राउंड में विजय संकल्प सभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार की शाम बम्हरौली एयरपोर्ट पर उतरेंगे। वहां से सड़क मार्ग से परेड पहुंचेंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने रूट चार्ट जारी करते हुए जनता से अपील है कि शाम को छह से आठ बजे के बीच प्रधानमंत्री के आवागमन के समय वीवीआईपी रूट पर जाने से बचें। हास्पिटल के प्रबंधकों और एंबुलेंस चालकों से भी अपील की गई है कि एंबुलेंस के अन्य वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
एसपी ट्रैफिक कुलदीप सिंह के मुताबिक प्रधानमंत्री शाम को बम्हरौली एयरपोर्ट पर उतरेंगे। एयरपोर्ट से हैप्पी होम, मुंडेरा मंडी, धूमनगंज, चौफटका, सप्लाई डिपो, हाईकोर्ट फ्लाईओवर, एकलव्य चौराहा, विवेकानंद चौराहा, लोक सेवा आयोग चौराहा, बालसन, सोहबतियाबाग, जीटी जवाहर से कार्यक्रम स्थल तक रूट निर्धारित किया गया है। जाने का भी यही मार्ग होगा।
रैली में आने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए दधिकांदो मैदान में ट्रैक्टर, चारपहिया और छोटे वाहन पार्क किए जाएंगे। रैली में आने वाले वीआईपी के वाहनों को तालाब नवल राय के बगल खाली मैदान में पार्किंग दी जाएगी।
अन्य वीआईपी गाड़ियों को काली सड़क से पायल ब्रिज के पास पार्क किया जाएगा। एसपी ट्रैफिक ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री के आगमन और प्रस्थान के दौरान लोग वीआईपी रूट का प्रयोग न करें। यही नहीं एंबुलेंस चालकों से भी अपील की गई है कि वे इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।