अब पांच को नहीं आएंगे प्रधानमंत्री , आगे बढ़ा कार्यक्रम, तारीख अभी घोषित नहीं, लेकिन तैयारी में जुटा प्रशासन। 13 दिसंबर के पहले या 15 दिसंबर के बाद प्रयागराज आ सकते हैं नरेंद्र मोदी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पांच दिसंबर का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित हो गया है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर डीएम की अध्यक्षता में सोमवार शाम को बैठक चल रही थी। इसी दौरान प्रधानमंत्री का कार्यक्रम स्थगित होने का मैसेज आया। यहां आने की नई तारीख तो अभी घोषित नहीं हुई है लेकिन दिसंबर में ही उनके आने की बात कही जा रही है। प्रधानमंत्री 13 से 15 दिसंबर के बीच वाराणसी में होंगे। ऐसे में 13 दिसंबर से पहले या 15 के बार उनके आने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री प्रयागराज में समूहों से जुड़ी महिलाओं के सम्मान समारोह, सामूहिक विवाह समेत अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके लिए उनका पांच दिसंबर को कार्यक्रम प्रस्तावित था लेकिन अब कार्यक्रम आगे बढ़ गया है। अफसरों का कहना है कि कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से लाभार्थियों को शामिल होना है। ऐसे में एक सप्ताह में पूरी तैयारी कर पाना आसान नहीं था।
इसके अलावा कई अन्य कारण भी हैं। इसलिए पांच दिसंबर का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। डीएम संजय कुमार खत्री का कहना है कि नई तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। चार-पांच दिन कार्यक्रम आगे बढ़ने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री कार्यालय से अनुमति के बाद ही नई तारीख के बारे में कुछ कहा जा सकता है।