विश्व हिंदू परिषद ने कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए सेवा कार्य बढ़ाने की तैयारी की है। इसके लिए संगठन ने तैयारी शुरू कर दी है। विहिप पदाधिकारियों का कहना है कि प्रयागराज में लोगों की सुविधा के लिए संगठन द्वारा 15 जुलाई तक 30 डिस्पेंसरी खोली जाएगी। इसमें लोगों की प्राथमिक स्तर पर जांच करने के साथ ही उपचार की व्यवस्था रहेगी।
विहिप की इन तमाम तैयारियों को लेकर संगठन के पदाधिकारियों की सोमवार को प्रांत कार्यालय केसर भवन में एक बैठक भी हुई। बैठक में संगठन के कई पूर्णकालिक पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान कोरोना की पहली एवं दूसरी लहर के दौरान संगठन की ओर से किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। प्रांत संगठन मंत्री मुकेश कुमार की मौजूदगी में हुई इस बैठक में आगे क्या करना है उसकी भी रणनीति बनाई गई। प्रांत संगठन मंत्री ने बताया कि सेवा कार्यों को और ज्यादा बढ़ाया जाएगा। कहा कि विहिप से जुड़े 40 चिकित्सकों, पैरा मेडिकल स्टाफ एवं विहिप कार्यकर्ताओं आदि के माध्यम से डिस्पेंसरी खोलने की तैयारी है।
संगठन एलोपैथिक के साथ आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक डिस्पेंसरी भी खोलेगा। मलिन बस्तियों में भी डिस्पेंसरी बनाई जाएगी। जल्द ही डिस्पेंसरी से जुड़े चिकित्सकों के साथ बैठक की जाएगी। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं को भी पैरामेडिकल स्टाफ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो एंबुलेंस आदि की भी संगठन की ओर से व्यवस्था की जाएगी। बैठक में महानगर उपाध्यक्ष संजय गुप्ता, सुरेश अग्रवाल, आरएन गोयल, अनिल पांडेय, अमित पाठक, विनोद अग्रवाल, सुनील सिंह, अनिल सिंह आदि शामिल रहे। विहिप मीडिया प्रभारी अश्वनी मिश्र ने बताया कि किन्हीं कारणों से क्षेत्र संगठन मंत्री अंबरीश सिंह बैठक में शामिल नहीं हो सके थे।