पीसीएस-2023 की प्रारंभिक परीक्षा में जो अभ्यर्थी सफल नहीं हो सके थे, उनमें से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने पीसीएस-2024 के लिए भी आवेदन किए हैं। ऐसे अभ्यर्थी चाहते थे कि पीसीएस-2023 की प्रारंभिक परीक्षा के प्राप्तांक एवं कटऑफ अंक अगली भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा से पहले जारी कर दिए जाएंगे। इसके लिए कुछ अभ्यर्थियों के आयोग में ज्ञापन भी सौंपा था। अभ्यर्थी यह मांग लंबे समय से करते आ रहे हैं।
अभ्यर्थी चाहते हैं कि आयोग यह नियम बना दे कि किसी भी भर्ती में प्रारंभिक परीक्षा के प्राप्तांक एवं कटऑफ अंक अगली भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा से पहले जारी कर दिए जाएं। प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के मीडिया प्रभारी प्रशांत पांडेय का कहना है कि आयोग अब प्रारंभिक परीक्षा के माह भर बाद ही उसका परिणाम घोषित कर देता है। यानी उस वक्त आयोग के पास अभ्यर्थियों के प्रारंभिक परीक्षा के प्राप्तांक एवं कटऑफ उपलब्ध होते हैं।
अभ्यर्थी यही चाहते हैं कि अंतिम चयन परिणाम का इंतजार करने के बजाय प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के साथ ही प्राप्तांक एवं कटऑफ अंक जारी कर दिए जाएं, ताकि सही मूल्यांकन के साथ अगली भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा की तैयारी बेहतर तरीके से की जा सके। इससे यूपी के उन अभ्यर्थियों को भी फायदा होगा, जो अन्य राज्यों की पीसीएस परीक्षाओं में भी शामिल होते हैं।