खराब मौसम से लखनऊ, गोरखपुर समेत चार उड़ान निरस्त
खराब मौसम की वजह से सोमवार को प्रयागराज एयरपोर्ट आने वाली चार फ्लाइटें निरस्त रहीं। इस वजह से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। गोरखपुर फ्लाइट जहां तीसरे दिन लगातार निरस्त हुई तो वहीं लखनऊ, रायपुर एवं इंदौर उड़ान भी इंडिगो ने निरस्त कर दी। विमान निरस्त होने की वजह कम दृश्यता बताई जा रही है। वहीं, कोहरे की वजह से जंक्शन पर कई ट्रेनें भी विलंब से पहुंचीं।
प्रयागराज एयरपोर्ट से गोरखपुर, लखनऊ, इंदौर एवं रायपुर फ्लाइट का संचालन इंडिगो द्वारा किया जाता है। यहां सुबह से ही इस बात की आशंका लगाई जा रही थी कि कम दृश्यता की वजह से कुछ विमान निरस्त हो सकते हैं। सुबह दस बजे तय भी हो गया कि चार उड़ाने निरस्त हैं। हालांकि लखनऊ की उड़ान निरस्त होने का मैसेज काफी पहले ही आ गया था।
इस दौरान प्रयागराज- दिल्ली, प्रयागराज-भोपाल फ्लाइट विलंब से रवाना हुई। दिल्ली फ्लाइट 50 मिनट तो भोपाल फ्लाइट 25 मिनट की देरी से उड़ी। फिलहाल दिन भर में कुल 14 विमानों से 1311 यात्रियों की आवाजाही हुई। उधर, प्रयागराज जंक्शन आने वाली कई ट्रेनें भी कोहरे की वजह से विलंब से पहुंचीं।
प्रयागराज एक्सप्रेस 2.40 घंटे, हमसफर एक्सप्रेस 4.20 घंटे, संगम एक्सप्रेस 1.35 घंटे, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 4.30 घंटे, स्वतंत्रता सेनानी 5.30 घंटे, नई दिल्ली-बनारस सुपरफास्ट 3.30 घंटे, आनंद विहार-रीवा एक्सप्रेस 4.05 घंटे, आनंद विहार-गाजीपुर सिटी 1.15 घंटे तक लेट रही। ट्रेनों के लेट आने से यात्रियों को भी काफी दिक्कत हुई।