Prayagraj News : अटाला इलाके में तैनात फोर्स तैनात।
- फोटो : अमर उजाला।
हालांकि नारा लगाने वाले नमाजी भीड़ में चिह्नित नहीं किए जा सके, लेकिन पेश इमाम ने अपनी तकरीर में कहा कि किसी के दिल में दर्द हो तो उसे दिल में ही दबाकर ही रखिए। उन्होंने पिछले जुमे की याद दिलाते हुए कहा कि चंद युवकों के चक्कर में आपके शहर का अमन-चैन बिगड़ा है। इस तरह जब माहौल बिगड़ता है तो उसे सुधारने में समय लगता है।
पेश इमाम ने कहा कि अगर पुलिस किसी को नाजायज परेशान करती है तो बात कीजिए। लेकिन, ऐसा न कीजिए कि माहौल फिर से खराब हो। इसी तरह हटिया शीशे वाली मस्जिद में पेश इमाम मौलाना नादिर हुसैन ने जुमे की नमाज के बाद शहर में अमन के लिए दुआ मांगी। यहां नमाज के बाद लोगों को सीधे घर जाने की ताकीद की गई।
इसी तरह चक शिया जामा मस्जिद, रौशनबाग की शाह वसीउल्लाह मस्जिद, दायरा शाह अजमल की खानकाह मस्जिद, करैली की बीबी खदीजा मस्जिद, अटाला मोमिनपुर की बड़ी मस्जिद के साथ साथ शहर की सभी छोटी बड़ी मस्जिदों मे पेश इमामों की कयादत में शांति से जुमा की नमाज अदा की गई। मेजा रोड की की मस्जिद-ए- मदीना में मौलाना और खतीब अब्दुल कलाम की शांति की अपील का असर रहा कि लोग नमाज खत्म होने के बाद सीधे अपने घरों को रवाना हो गए।
Prayagraj News : मस्जिद पर तैनात पुलिस फोर्स।
- फोटो : अमर उजाला।
खाली रहीं मस्जिदें, कम निकले नमाजी
शुक्रवार को जुमा पर मस्जिदों में जहां पहले जगह कम पड़ जाती थी, वहीं इस बार कई मस्जिदों में गिनती के ही नमाजी आए। जिनके घर से मस्जिदें दूर थीं, वो डर और दहशत की वजह से जुमे की नमाज अदा करने के लिए नहीं निकले। बच्चों, युवाओं ने भी मस्जिदों का रुख नहीं किया। इस वजह से इस जुमे पर मस्जिदों में अपेक्षाकृत भीड़ कम रही।
शांति के लिए प्रबुद्धजनों ने बहाया पसीना
जुमा पर अटाला में शांति बनाए रखने के लिए प्रबुद्धजनों ने दिन भर पसीना बहाया। इस दौरान प्रशासन के साथ कदमताल मिलाकर लोग चलते नजर आए। अटाला व्यापार मंडल के अध्यक्ष फैयाज अहमद, पीस कमेटी के अध्यक्ष चांद भाई, अटाला के पार्षद मोइनुद्दीन और जुबैर खान लोगों से शांति की अपील करते रहे।
प्रशासन का मैं तहेदिल से शुक्रिया अदा करता हूं कि इस बार जुमे पर शांति से नमाज अदा हो सकी। कहीं भी खुराफाती सक्रिय नहीं होने पाए। मैं शहर के लोगों से अपील करता हूं कि वह इसी तरह आने वाले दिनों में भी अमन का माहौल बनाए रखें। - शहर काजी मुफ्ती शफीक अहमद शरीफी।