प्रयागराज। पहाड़ी हवाओं के रुतबे पर शुक्रवार को सूरज का ताप भारी पड़ा। दिन और रात के तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई, लेकिन गलन का प्रकोप बढ़ गया। देर रात कोहरा मुसीबत का कारण बना। वहीं नगर निगम ने शहर के 13 प्रमुख चौराहे पर अलाव जलवाए।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक तापक्रम के साथ नमी का उच्चतम स्तर पर बने रहने से बारिश के आसार बन रहे हैं। शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब एक डिग्री बढ़कर 25.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 घंटे में ही 9.2 डिग्री से 11.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वातावरण में नमी का स्तर 100/37 फीसदी रहा। पहाड़ों से आ रहीं ठंडी हवाओं के प्रभाव से गलन बढ़ी। नगर निगम ने बढ़ती ठंड से लोगों को राहत दिलाने के लिए स्टेशन, बस अड्डा समेत 13 प्रमुख स्थानों पर अलाव जलवाए। नगर निगम कर्मचारियों ने फुटपाथ पर सो रहे कर्मचारियों को रैन बसेरों तक पहुंचाया।