उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से 1150 पदों पर चुने गए अभ्यर्थी भरेंगे ऑनलाइन विकल्प
प्रयागराज। उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से अशासकीय महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या 47 के तहत 26 विषयों के 1150 असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर चुने गए अभ्यर्थियों की कॉलेज आवंटन के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग 21 से 24 दिसंबर के बीच होगी। आयोग की ओर से चयनति अभ्यर्थियों से 15 दिसंबर तक पूर्व में दी गई जानकारी संशोधित करने का समय दिया था। चुने गए अभ्यर्थियों को अपना मोबाइल नंबर भी संशोधित कराना था। क्योंकि ऑनलाइन काउंसलिंग एवं कॉलेज आवंटन संबंधी सभी सूचनाएं अभ्यर्थियों को उनके मोबाइल नंबर पर ही एसएमएस की जाएंगी।
प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या 47 के तहत 35 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1150 पदों पर भर्ती होनी है। उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग की ओर से 31 विषयों का अंतिम चयन परिणाम घोषित किया जा चुका है लेकिन, आयोग ने 26 विषयों के चयनित अभ्यर्थियों से संबंधित फाइलें उच्च शिक्षा निदेशालय को अब भेजी गई हैं। ऑनलाइन काउंसलिंग और कॉलेज आवंटन निदेशालय को करना है।
पहले चरण में जिन 26 विषयों को शामिल किया गया है, उनमें संस्कृत, सैन्य विज्ञान, गणित, कृषि वनस्पति, भौतिक विज्ञान, दर्शनशास्त्र, कृषि अभियंत्रण, कृषि अर्थशास्त्र, पादप रोग, कीट विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, उर्दू, वाणिजय, मनोविज्ञान, प्राचीन इतिहास, कृषि सांख्यिकी, संगीत गायन, कृषि प्रसार, कृषि रसायन, उद्यानिकी, कृषि शस्य विज्ञान, प्राणी विज्ञान, रसायन विज्ञान, गृह विज्ञान, पशुपालन एवं दुग्ध विज्ञान और इतिहास विषय शामिल हैं। इन विषयों के अभ्यर्थियों को 21 से 24 दिसंबर तक कॉलेज आवंटन के लिए ऑनलाइन विकल्प भरना है।