दारागंज क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम दोस्तों संग नहाने पहुंचा छात्र संगम में डूब गया। वह नौवीं कक्षा में पढ़ता था और नहाते वक्त पैर फिसलने से गहराई में चला गया। गोताखोर रात तक तलाश में जुटे रहे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। उधर, परिवार के लोग रोते-बिलखते रहे।
सुशील उर्फ बबलू टंडन चौक के रानीमंडी के रहने वाले हैं। वह इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में काम करते हैं। उनका बेटा रौनक टंडन (13) टैगोर पब्लिक स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र है। शनिवार शाम वह कोचिंग पढ़ने गया था। कोचिंग खत्म होने के बाद वह दो दोस्तों आयुष व वेदांत के साथ साइकिल से ही संगम पहुंच गया। वहां पहुंचकर तीनों नहाने के लिए नदी में उतर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नहाते वक्त अचानक पैर फिसलने से रौनक गहराई में चला गया और डूबने लगा।
उसे डूबता देखता दोस्तों ने शोर मचाया लेकिन, अगले ही पल वह पानी में समा गया। दोस्तों की चीख-पुकार सुन घाट पर मौजूद लोग पहुंचे और फिर सूचना पर पर कुछ ही देर में 85 नंबर पीआरवी भी पहुंच गई। मौके पर सूचना देकर स्थानीय पुलिस व फिर गोताखोरों को बुलवाया गया। जिसके बाद नदी में डूबे रौनक की तलाश शुरू हुई। हालांकि देर रात तक उसका कुछ पता नहीं चल सका था। खबर पर परिजनों में कोहराम मच गया। वह रोते-बिलखते घाट पर पहुंचे। संगम चौकी प्रभारी निखिलेश तिवारी व उनकी टीम भी रात तक खोजबीन में लगे रहे। रात 10.30 बजे के करीब पुलिस व गोताखोर वापस चले आए। पुलिस ने बताया कि सुबह एक बार फिर से छात्र की तलाश की जाएगी।