झारखंड के कुख्यात और चार लाख के इनामी बदमाश आशीष रंजन उर्फ छोटू सिंह (28) को प्रयागराज एसटीएफ ने मुठभेड़ में मार गिराया। शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात एसटीएफ की ओर से घेराबंदी करने पर दो बदमाशों ने एके-47 और 9-एमएम पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश ढेर हो गया, जबकि दूसरा माैका पाकर फरार हो गया। मामले में शंकरगढ़ थाना पुलिस ने एसटीएफ की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से झारखंड के धनबाद (जेसी मलिक रोड) निवासी छोटू सिंह पर हत्या, रंगदारी, अपहरण, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में 14 मुकदमे दर्ज हैं। झारखंड पुलिस समेत कई एजेंसियाें को उसकी तलाश थी। इस बीच प्रयागराज एसटीएफ को सूचना मिली कि छोटू सिंह अपने एक अन्य साथी के साथ शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के शिवराजपुर चौराहे से प्रतापपुर की ओर बाइक से जा रहा है।
वह किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर प्रयागराज में एसटीएफ इंस्पेक्टर जेपी राय के नेतृत्व में टीम बनाकर मौके पर घेराबंदी की गई। तभी एसटीएफ टीम को देख अपराधी छोटू सिंह ने एके-47 और 9-एमएम पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। एसटीएफ की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई।
करीब 10 मिनट तक चली मुठभेड़ में छोटू को तीन गोली लगी जबकि उसका साथी माैके से फरार हो गया। घायल अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के बाद एसटीएफ ने घटनास्थल को सील कर दिया। जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों और फाॅरेंसिक टीम ने माैका मुआयना कर जांच पड़ताल की तथा साक्ष्य जुटाए।
-
चोरी की बाइक से थे बदमाश, प्रयागराज को एक माह से बनाया था ठिकाना
धनबाद के सरायढेला, तोपचाची, गोविंदपुर, बैंकमोड, भागाबाद, बरवड्डा और कतरास थाने में दर्ज मुकदमे में छोटू सिंह वांछित था। कई साल से झारखंड पुलिस समेत अन्य एजेंसियां बदमाश छोटू की तलाश में जुटी हुई थीं लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। बुधवार रात सूचना मिलने पर शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में एसटीएफ उसे गिरफ्तार करने पहुंची तो उसने फायरिंग कर दी। जांच में पता चला कि अपराधी चोरी की बाइक से थे और पिछले करीब एक माह से प्रयागराज में अपना ठिकाना बनाया हुआ था।
अपराधी ने किए 14 राउंड फायर, बाल-बाल बचे इंस्पेक्टर और जवान
पुलिस के अनुसार, छोटू ने एसटीएफ की टीम पर 14 राउंड फायर किए। इसमें एक गोली इंस्पेक्टर जयप्रकाश राय के सिर के पास से होकर निकल गई जिसमें वह बाल-बाल बच गए। वहीं एसटीएफ के जवान प्रभंजन, रोहित और अजय भी बदमाशों की फायरिंग में बाल-बाल बचे। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ ने 16 राउंड फायर कर अपराधी को ढेर कर दिया। बदमाश छोटू के सीने में दो और कमर के पास एक गोली लगी।
एमपी के रास्ते पहुंचा था शंकरगढ़
मुखबिर से सूचना के बाद एसटीएफ ने शंकरगढ़ के शिवराजपुर चौराहे पर घेराबंदी की थी। यहां बाइक से बदमाश आशीष रंजन आता हुआ दिखाई दिया। उसके पीठ पर एक बैग था। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने बाइक की रफ्तार तेज कर दी। एसटीएफ ने उसका पीछा किया तो कुछ दूर जाकर उसने एके-47 से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, पता चला कि छोटू एमपी के रास्ते शंकरगढ़ पहुंचा था।
अपराधी के कब्जे से बरामदगी
- एक एके-47 (7.62 एमएम) एक मैगजीन
- सात कारतूस 7.62 एमएम
- 10 खोखा कारतूस 7.62 एमएम
- देशी पिस्तौल 9-एमएम व एक मैगजीन
- छह कारतूस 9-एमएम
- दो खोखा कारतूस 9-एमएम
- बिना नंबर प्लेट की एक बाइक