Prayagraj News : हादसे के बाद आग लगने से क्षतिग्रस्त बाइक।
- फोटो : प्रयागराज
दो जवान बेटों की मौत से परिवार में कोहराम
घूरपुर थाना क्षेत्र के खटंगिया गांव में एक ही परिवार के अनूप और अमित की मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया। अनूप की दो महीने बाद शादी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रहीं थीं। अब वहां मातम छा गया है। शुक्रवार को जब दोनों के शव गांव पहुंचे तो महिलाएं सिर पीट-पीटकर रोने लगीं। ग्रामीणों की भी आंखें नम थीं। हादसे में जान गंवाने वाला अमित जेसीबी चलाता था। उसकी एक बेटी और एक बेटा है। वहीं अनूप प्लंबर का काम करता था।
ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार मौसेरे भाइयों की मौत
बांदा राजमार्ग पर सेहुंडा गांव के पास बृहस्पतिवार की रात ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार धीरज और महेंद्र की मौत हो गई। दोनों मौसेरे भाई थे। दोनों एक ही बाइक से तेरहवीं का कार्ड बांटने निकले थे।
शंकरगढ थाना क्षेत्र के जिल्ला बंधवा निवासी रामसजीवन पाल की छह दिन पहले मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को तेरहवीं का कार्ड बांटने के लिए राम सजीवन का पोता धीरज (18) पुत्र अशर्फी लाल बाइक से निकला था। धीरज के साथ उसका ममेरा भाई महेंद्र पाल (16) भी था। दोनों ने कई रिश्तेदारों के घर कार्ड बांटा और रात में लौट रहे थे।
सेहुंडा गांव के पास एक ट्रैक्टर तेज रफ्तार की चपेट में आने से धीरज और महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पुलिस जसरा सीएचसी ले गई जहां, डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। धीरज दो भाइयों और दो बहनों में छोटा था। घटना से धीरज और महेंद्र के परिवारों में कोहराम मचा था।
घर वालों ने किया हंगामा, पुलिस पर लगाया आरोप
धीरज और महेंद्र की मौत की खबर सुनकर घर वालों पर जैसे पहाड़ टूट पड़ा। पिता अशर्फी लाल पजिनों तथा ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा मचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस ट्रैक्टर चालक ने दोनों को कुचला है, पुलिस उसे बचाने का प्रयास कर रही है क्योंकि वह राइस मिल के लिए काम करता है। पुलिस ने समझा बुझाकर दोनों उन्हें शांत किया।
ससुर के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे दमाद को डीसीएम ने कुचला
सोरांव के धामापुर गांव के पास शुक्रवार को दिन में डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार राम आधार पटेल की मौत हो गई। उसके ससुर की मौत हो गई थी। अंतिम संस्कार में शरीक होने वह फाफामऊ घाट जा रहा था। तभी हादसा हो गया।
प्रतापगढ़ के जेठवारा थाना के गंभीरा गांव के राम अधार पटेल (52) के ससुर की शुक्रवार सुबह मऊआइमा में मौत हो गई थी। सूचना पर वह अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बाइक से फाफामऊ घाट जा रहा था। जब वह सोरांव के धामापुर गांव के पास पहुंचा, तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। राम आधार को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गई। भाई जगत बहादुर पटेल ने डीसीएम चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रामअधार की मौत की सूचना गांव में पहुंचते ही उसकी पत्नी राम सवारी तथा बच्चे बिलखने लगे।
अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रैक्टर सवार मजदूर की मौत
बारा थाना क्षेत्र के रगौहानी पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार भोर में ट्रैक्टर को पीछे से किसी बड़े वाहन ने टक्कर मार दी। ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में मजदूर संदीप कुमार की मौत हो गई। फूलपुर थाना क्षेत्र के सराय गोपी उर्फ झंझरी निवासी संदीप कुमार 20 घूरपुर स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। बृहस्पतिवार की रात वह ट्रैक्टर पर सवार होकर नारीबारी ईंट गिराने गया था। वापसी में जैसे ही ट्रैक्टर गौहानी पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा, पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मार दी। ट्रैक्टर पलटा और संदीप की मौत हो गई। संवाद