रक्षाबंधन पर भाइयों की कलाई सजाने के लिए बाजार में इस बार राखियों के डिजाइन के साथ तकनीक का भी नया तड़का देखने को मिल रहा है। बच्चों के बीच कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों के साथ अब स्कैनर राखी भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसमें क्यूआर कोड लगा है, जिसे मोबाइल से स्कैन करते ही संबंधित कार्टून कैरेक्टर का वीडियो चलता है।
इसकी कीमत करीब 160 रुपये है और डोरेमोन, छोटा भीम, मोटू-पतलू, बाल गणेश और बाल हनुमान जैसे कैरेक्टर में यह राखियां उपलब्ध हैं। राखी विक्रेता अफसर भाई के मुताबिक, बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए बाजार में इस बार कई नए डिजाइन आए हैं। जिनमें टेडी राखी, कैमरा राखी (कैमरा राखी को क्लिक करने पर उसमें लाइट जलती है), मिकी माउस राखी, मैग्नेट राखी और स्पिनर राखी है। जो अलग-अलग डिजाइन और कार्टून कैरेक्टर में मौजूद हैं।
बच्चों की पसंद के डोरेमोन, छोटा भीम और मोटू-पतलू जैसे कार्टून कैरेक्टर के साथ स्पाइडर-मैन, सुपरमैन और एवेंजर्स वाले सुपरहीरो भी राखियों पर नजर आ रहे हैं। कार्टून कैरेक्टर और सुपर मैन राखियों की कीमत 10 रुपये से शुरू होकर 225 रुपये तक है। विक्रेता अफ्सर ने बताया कि एक दिन में 100 से 150 बच्चों की राखियां लोग खरीद रहे हैं। ग्राहक कोमल ने कहा कि मै अपने छोटे भाई के लिए राखी खरीद रही हूं। उसे कार्टून कैरेक्टर्स बहुत पसंद हैं। इसलिए ये राखी खरीद रही हूं।