सीआईबी और आरपीएफ टीम ने पकड़ा ई टिकट का दलाल
0 मनी ट्रांसफर एजेंसी की आड़ में कर रहा था ई टिकट की कालाबाजारी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। रेलवे की सीआईबी (डिटेक्टिव विंग) और आरपीएफ सूबेदारगंज की टीम ने सोमवार को कौशाम्बी जिले के मंझनपुर में मनी ट्रांसफर एजेंसी के ऑफिस में छापा मारकर एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोप है कि युवक मनी ट्रांसफर की आड़ में रेलवे के ई टिकट की कालाबाजारी कर रहा था। युवक को गिरफ्तार कर रेलवे एक्ट के तहत उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पकड़े गए युवक का नाम सौरभ है। उसके पास से कई ट्रेनों के अवैध ई टिकट, लैपटॉप, नकदी आदि बरामद हुई है। सौरभ ई टिकट बनाने के लिए सात यूजर आईडी का इस्तेमाल कर रहा था। मंझनपुर में नया नगर निवासी सौरभ टिकट बुक करने के बाद उसे दो से तीन गुने दाम पर बेच देता था। कार्रवाई के दौरान उसके पास से मुंबई, दिल्ली, गुजरात, दक्षिण भारत की तरफ जाने वाले ट्रेनों के ई टिकट बरामद हुए। प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि इस कार्रवाई में अविनाश शंकर, योगेश कुमार, शिवनरेश यादव आदि शामिल रहे। कहा कि युवक अपने घर के सदस्यों की यूजर आईडी एवं फोन नंबर का इस्तेमाल कर रहा था।