मीरापुर में तिकोनिया चौराहे के पास व्यापारी और भाजपा नेता नरेश कुंद्रा की एजेंसी में 1.75 लाख की लूट का खुलासा हो गया है। वारदात को एजेंसी के पूर्व कर्मचारी अजय निषाद ने अपने दोस्त रवि पासी संग मिलकर अंजाम दिया था। दोनों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने लूटी गई रकम में से 1.05 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। साथ ही दोनों को जेल भी भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही थी। जांच पड़ताल में यह बात सामने आई कि सदियापुर करेली का रहने वाला अजय निषाद घटना से पांच दिन पहले तक भाजपा नेता की एजेंसी में काम करता था। सीसीटीवी फुटेज से मिली बदमाशों की तस्वीर के जरिए हुलिए का मिलान किया गया तो कई समानताएं मिलीं। जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
बुधवार को उसे हिरासत में ले लिया गया और उससे मिली जानकारी के आधार पर धूमनगंज के नीवा निवासी उसके साथी रवि पासी को भी पकड़ लिया गया। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने घटना में संलिप्तता की बात कबूल ली। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बृहस्पतिवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया जहां मजिस्ट्रेट की अनुमति से उन्हें जेल भेज दिया गया।