अतीक अहमद की सीज संपत्तियों का बुधवार को दोबारा सत्यापन किया गया और यह देखा गया कि उन संपत्तियों पर कहीं दोबारा कब्जा तो नहीं कर लिया गया है। इसके लिए पुलिस विभाग के साथ-साथ राजस्व, नगर निगम और एडीए की टीमें भी जुटी हैं। अधिकारियों के मुताबिक अतीक की कुछ और संपत्तियों को चिह्नित किया गया है। उनका भी भौतिक सत्यापन कराया गया है।
अतीक अहमद की सात संपत्तियों को कुछ दिन पहले सीज किया गया था। छह और संपत्तियों को सीज करने के लिए डीएम से अनुमति मिल गई है। बुधवार को खुल्दाबाद पुलिस के साथ-साथ राजस्व विभाग की टीमें, नगर निगम और एडीए की टीमों ने सीज संपत्तियों की जांच की।
संपत्तियों पर पहले किसका कब्जा था, पुलिस के ताला बंद करने के बाद कहीं किसी ने फिर से तो कब्जा नहीं कर लिया, यह कुछ नए सिरे से देखा गया। इसके अलावा जिन संपत्तियों को सीज करने के लिए डीएम ने आदेश दिए हैं, उनका भी भौतिक सत्यापन किया गया है।