रिटर्न न दाखिल करने वाले दो हजार से ज्यादा व्यापारियों को नोटिस
0 गड़बड़ी पोर्टल की खामियाजा भुगत रहे व्यापारी, समस्या का समाधान नहीं कर पा रहा है वाणिज्य कर विभाग
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। वाणिज्य कर विभाग ने समय से रिटर्न न भरने वाले प्रयागराज जोन के दो हजार से ज्यादा कारोबारियों को नोटिस जारी किया है। विभाग की इस कार्रवाई से व्यापारी खासे नाराज हैं। बताया जा रहा है कि रिटर्न जमा न करने वाले बड़े बकायेदारों का विभाग रजिस्ट्रेशन भी निरस्त कर सकता है। हालांकि विभागीय अफसर इसे एक सामान्य प्रक्रिया बता रहे हैं।
दरअसल बीते कुछ दिनों से जीएसटी पोर्टल की खामियों को लेकर व्यापारी लगातार शिकायत कर रहे हैं। खामियों को दूर किए जाने की मांग को लेकर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की ओर से पत्र भी भेजा गया। इस बीच जीएसटीआर- 3 बी भरने की अंतिम तिथि 20 मई से पूर्व पोर्टल पर जीएसटीआर- 2 बी में व्यापारियों को अपनी खरीद का विवरण नहीं दिख रहा था। इसी तरह की तमाम समस्याओं से हर माह व्यापारियों को जूझना पड़ता है। फिर भी विभाग द्वारा हर माह ऐसे व्यापारियों की सूची बनाई जाती है जो समय से रिटर्न दाखिल नहीं करते हैं। ऐसे कारोबारियों को नोटिस भेजा जाता है। फिलहाल वाणिज्य कर विभाग की ओर से जोन में दो हजार से ज्यादा कारोबारियों को समय से रिटर्न जमा न करने पर नोटिस जारी किया है। उधर नोटिस को लेकर कर एवं वित्त सलाहकार प्रतीक मालवीय का कहना है कि विभाग को चाहिए कि वह पहले अपना पोर्टल सुधारें। आए दिन इसमें कोई न कोई समस्या आती रहती है। इस वजह से व्यापारी समय से अपना टैक्स नहीं भर पाते। प्रतीक के अनुसार जीएसटी लागू होने के बाद से पोर्टल संबंधी शिकायत का आज तक समाधान नहीं हो सका है।
जीएसटीआर- 3 बी की आज अंतिम तिथि, आईटीसी की समस्या बरकरार
0 कारोबारियों की मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रही है। जीएसटीआर 3 बी की बात करें तो उसकी अंतिम तिथि मंगलवार 24 मई है लेकिन इसमें आईटीसी की समस्या अब भी बरकरार है। कैट के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल का कहना है कि पहले जीएसटीआर 3 बी की अंतिम तिथि 20 मई थी, लेकिन इनपुट टैक्स क्रैडिट (आईटीसी) न दिखने पर कैट की मांग पर अंतिम तिथि चार दिन बढ़ाकर 24 मई कर दी गई, लेकिन यह समस्या अब भी बरकरार है।