घूरपुर रेलवे फाटक के नजदीक रेलवे लाइन पर घरेलू कलह से क्षुब्ध एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर रविवार की रात जान दे दी। परिजन सूचना पर मौके पर पहुंचे और शव को घर उठा ले गए। सोमवार की सुबह बारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बारा थाना क्षेत्र के परसरा गांव निवासी वीरेंद्र कुमार पाल (23) पुत्र राम सजीवन पाल ड्राइवर था ।
रविवार की शाम वह घरेलू विवाद के बाद घर से बाइक से निकला । घरवाले उसके मोबाइल पर संपर्क करने लगे तो वह घर लौटने से मना करने लगा । रात में उसने घर फोन करके बताया कि वह बाइक घूरपुर रेलवे फाटक के पास खड़ी करके ट्रेन से कटने जा रहा है । फोन से मिली सूचना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। घर के लोग निकले और घूरपुर रेलवे फाटक के पास पहुंचे तो बाइक खड़ी मिली ।
बाइक देखने के बाद लोग रेलवे लाइन किनारे पहुंचे तो वीरेंद्र का शव कई टुकड़ों में मिला । परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए घर उठा ले गए । सोमवार के दिन लोग एकत्र हुए तो बारा पुलिस को सूचना दी गई । पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।