लव जिहाद के बढ़ रहे मामलों को रोकने के लिए विश्व हिंदू परिषद ने मातृ शक्ति को प्रशिक्षित करने की तैयारी की है। मातृशक्ति से जुड़ी बहनें गांव-गांव, मोहल्ले-मोहल्ले घूमकर लव जिहाद रोकने के लिए मुहिम शुरू करेंगी। यह निर्णय बुधवार को विश्व हिंदू परिषद की क्षेत्रीय चिंतन वर्ग की बैठक में संगठन के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय की मौजूदगी में लिया गया।
माघ मेला स्थित विहिप शिविर में हुई बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने लव जिहाद के मामलों पर रोक लगाने की बात उठाई। कहा गया कि इस कार्य में मातृ शक्ति की बहनों को लगाया जाए। इसके लिए उनको पहले प्रशिक्षित किया जाए, जिससे वे समाज में जाकर युवतियों को लव जिहाद के खिलाफ जागरूक कर सकें। बैठक में यह भी तय हुआ कि इस बार चैत्र वर्ष प्रतिपदा रामनवमी पर प्रत्येक गांव में रामजन्मोत्सव के कार्यक्रम होंगे। संगठन का तंत्र प्रत्येक गांव तक पहुंचाया जाए। इसके लिए विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को भी प्रशिक्षण दिया जाए।
बैठक में विहिप के उपाध्यक्ष एवं श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि देश आजाद होने के पहले भी यात्राओं एवं त्योहारों की परिपाटी थी। इससे मौलिकता जीवित रही। पंडित जवाहर लाल नेहरू ने अपनी पुस्तक में भारत को तीर्थ यात्राओं वाला देश लिखा है। भारत के कारण दुनिया में शांति कायम रही। चंपत राय ने विहिप की स्थापना के उद्देश्य के बारे में भी बताया। कहा कि गो माता, गंगा, गीता हमारे जीवन का आधार है।
आज रामजन्मभूमि का स्थान देखने दुनिया भर के लोग आ रहे हैं। संगठन के प्रयास से गंगा की अविरलता एवं निर्मलता के साथ ही सामाजिक समरसता के लिए अनेक अभियान चलाया गए । बैठक में क्षेत्र संगठन मंत्री अंबरीश सिंह ने कहा कि सामाजिक समरसता को मजबूती प्रदान करने के लिए संतों का भी आशीर्वाद एवं सहयोग लिया जाएगा। बैठक में शम्भूनाथ, दिवाकर त्रिपाठी, गुरु प्रसाद, मुकेश कुमार, विमल प्रकाश , मधुराम, राजेश, प्रदीप, सुरेश अग्रवाल,प्रतिभा सिंह, सीमा जाधव, दिव्या, कमला मिश्रा, रूबी आदि मौजूद रहीं।