शनिवार की सुबह प्रयागराज लखनऊ रेलमार्ग पर ग्रामीणों ने युवक का शव देखा। इससे लोगों में सनसनी फैल गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कि लिए रवाना किया। हालांकि शव की पहचान हो गयी है। घटना नवाबगंज थाना क्षेत्र के पारथपुर उर्फ भगदेवरा गांव की है। पारथपुर उर्फ भगदेवरा गांव निवासी ओमप्रकाश उर्फ पप्पू गौतम के घर पर शुक्रवार को निशान आदि का कार्यक्रम था।
जिसमें शामिल होने उसका दामाद गौतम कुमार 26 वर्ष पुत्र स्वर्गीय शंकर लाल निवासी चमरूपुर पठान थाना जेठवारा जनपद प्रतापगढ़ भी चार दिन पहले से आया था। बताया जाता है कि गौतम कुमार की पत्नी नीतू से मोबाइल फोन को लेकर शुक्रवार को ही किसी तरह का विवाद हो गया था। युवक रात में कब घर से चला गया किसी को कोई खबर नहीं लगी।
शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने देखा तो पास से गुजरी रेलवे लाइन पर उसका शव मिला। सूचना पर पहुंची नवाबगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत गौतम कुमार के चचेरे भाई देवराज गौतम की लिखित तहरीर पर नवाबगंज पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया है।