सात राज्यों में अप्रैल अंत तक बारिश के आसार (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
रानीगंज इलाके के खमपुर दूबेपट्टी गांव में बुधवार शाम बारिश के दौरान अचानक बिजली गिरने से किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खमपुर दूबेपट्टी निवासी आशीष (16) पुत्र घनश्याम पांडेय और अजीत (21) पुत्र शिवकुमार बुधवार शाम दोस्तों के साथ घर से थोड़ी दूरी पर स्थित मैदान में क्रिकेट खेलने गए थे।
शाम करीब पांच बजे बारिश शुरू हो गई। इस पर सभी लोग पास स्थित नीम के पेड़ के नीचे आकर खड़े हो गए। तभी अचानक बिजली गिर पड़ी। इससे पेड़ के नीचे खड़े आशीष और अजीत के साथ ही गांव के रोहित पांडेय (20) पुत्र रामनिधि, अभय (20) पुत्र ब्रह्मानंद, धीरेंद्र (22) पुत्र रामचरित्र गंभीर रूप से झुलस गए।
आनन-फानन में सभी को सीएचसी रानीगंज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान आशीष की सांसें थम गईं। अन्य लोगों की हालत गंभीर देखकर डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान अजीत की भी मौत हो गई। रोहित पांडेय, अभय व धीरेंद्र की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
पांच साथी हो गए बेहोश, बाल-बाल बचे
नीम के पेड़ के पास आशीष व अजीत के साथ ही गांव के अजय, राहुल, पुनीत, संतोष व सुमित भी मौजूद थे। बिजली गिरने के बाद सभी अचेत हो गए। थोड़ी देर बाद होश आया तो नीम के पेड़ के पास का मंजर देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। भगवान का शुक्र ही था कि पांचों लोग बाल-बाल बच गए।