कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने कोरोना संकट और लॉकडाउन के दौरान ठप पड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) एवं दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर (एसआई) के कुल 1564 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। आयोग की ओर से आवेदन मांगे जाने के साथ ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
अभ्यर्थी 17 जून से 16 जुलाई 2020 के बीच ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी 18 जुलाई तक ऑनलाइन शुल्क जमा करेंगे।एसएससी की ओर से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के लिए 1395 एवं दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर (एसआई) के 169 पदों पर अलग-अलग भर्ती होगी।
आयोग ने बताया है कि इन पदों पर 20 से 25 वर्ष की आयु वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। सीआरपीएफ में सबसे अधिक 1072 पद, बीएसएफ में 244 पद एवं दिल्ली पुलिस में 169 पदों पर भर्ती होगी। एसआई सीपीओ के लिए पहले चरण में कंप्यूटर आधारित परीक्षा 29 सितंबर से पांच अक्तूबर 2020 के बीच होगी। पहले चरण की परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों की दूसरे चरण की परीक्षा एक मार्च 2021 को होगी।