अनलॉक-2 में प्रयागराज जंक्शन से आने वाले दिनों में कुछ अन्य विशेष ट्रेनों का भी संचालन शुरू हो सकता है। रेलवे ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है रेलवे जल्द ही करीब 45 जोड़ी यानी 90 नई विशेष ट्रेनें इसी माह शुरू कर सकता है। इस संबंध में रेलवे ने इसकी मंजूरी के लिए गृह मंत्रालय को संबंधित ट्रेनों की सूची भेजी है। इस सूची में बुंदेलखंड एक्सप्रेस, गंगा गोमती एक्सप्रेस आदि के नाम शामिल हैं।
दरअसल अनलॉक 1 के दौरान रेलवे ने 100 जोड़ी ट्रेनों का संचालन शुरू किया। इसमें प्रयागराज एक्सप्रेस, शिव गंगा एक्सप्रेस, महानगरी समेत कई ट्रेनें नियमित रूप से प्रयागराज जंक्शन और छिवकी के रास्ते नियमित रूप से चल रही हैं। 22 मार्च को लगे जनता कर्फ्यू के बाद से सभी यात्री ट्रेनें बंद चल रही हैं। मई में 13 जोड़ी राजधानी स्पेशल और उसके बाद 1 जून से 100 जोड़ी ट्रेन का संचालन शुरू होने के बाद तमाम जोनल रेलवे द्वारा उन रूटों की सूची बनाई गई जहां यात्रियों की ज्यादा आवाजाही है।
वर्तमान समय प्रयागराज से लखनऊ ,झांसी और मथुरा आदि शहरों के लिए कोई भी सीधी ट्रेन नहीं है। इसी वजह से रेलवे द्वारा इस माह वाराणसी से प्रयागराज के रास्ते झांसी ग्वालियर जाने वाली बुंदेलखंड एक्सप्रेस, लखनऊ जाने वाली गंगा गोमती एक्सप्रेस और आगरा कैंट मथुरा के रास्ते जयपुर जाने वाली प्रयागराज- जयपुर एक्सप्रेस जल्द ही शुरू की जा सकती है। रेलवे अफसरों को भी उम्मीद है कि बुंदेलखंड और गंगा गोमती के संचालन की अनुमति बोर्ड द्वारा मिल सकती है।